महासमुन्द

महासमुंद के 108 स्काउट-गाइड-रोवर को राज्यपाल अलंकरण
28-May-2025 3:22 PM
महासमुंद के 108 स्काउट-गाइड-रोवर को राज्यपाल अलंकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,28 मई। 13वें राज्य स्तरीय स्काउट्स एवं गाइड्स अलंकरण समारोह राजभवन में हुआ। मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका रहे। उन्होंने राज्य के सर्वश्रेष्ठ स्काउटर, गाइडर, रोवर, रेंजर और स्काउट गाइड को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया। महासमुंद जिले के 49 स्काउटर, 55 गाइड 4 रोवर कुल 108 स्काउट,गाइड, रोवर को राज्यपाल अलंकरण से सम्मानित किया गया।

जिले से स्काउट गाइड प्रभारी के रूप में जिला सचिव प्रमोद कुमार कन्नौजे एवं राज्य की ओर से गाइड लीनू चन्द्राकर एवं गिरीश पाढ़ी राजभवन में उपस्थित हुए राज्यपाल रमन डेका ने स्काउट गाइड को संबोधित करते हुए कहा कि इस जलवायु परिवर्तन की समस्या को देखते हुए प्रकृति और पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सबकी सबसे बड़ी जवाबदारी है। उन्होंने सभी से एक पेड़ मां के नाम पर लगाने और दोस्तों व परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने कहा।

 

श्री डेका ने सम्मान प्राप्त होने पर स्काउट्स एवं गाइड्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स अपने आदर्श वाक्य तैयार रहो केवल एक नारा नहीं बल्कि एक जीवन पद्वति है। जो सेवा अनुशासन और जिम्मेदारी के मूल्यों को साकार करता है। स्काउटिंग युवाओं को अच्छे नागरिक, आत्मनिर्भर और समाजोपयोगी व्यक्ति बनने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य को लेकर निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। असफलता मिलने पर भी पीछे नहीं हटना चाहिए। बल्कि अनुभव से सीखकर आगे बढऩा चाहिए। श्री डेका ने छत्तीसगढ़ के स्काउट्स गाइड्स रोवर्स और रेंजर्स की आपदा प्रबंधन,पर्यावरण व जल संरक्षण, वृक्षारोपण, साइबर अपराध जागरूकता और जातीय भेदभाव जैसे विषयों पर समाज में जागरूकता फैलाने के प्रयासों के लिये सराहना की।                                    उन्होंने राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रोवर रेंजर इकाईयों के पंजीयन और दल गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल और राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव को बधाई दी। स्वागत भाषण राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव एवं आभार प्रदर्शन राज्य सचिव कैलाश सोनी ने किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डा.सी.आर. प्रशन्ना, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्वार्थ कोमल परदेशी सहित स्काउटर गाइडर उपस्थित थे। महासमुंद जिले से 108 स्काउट, गाइड, रोवर को राज्य अलंकरण समारोह से नवाजे जाने पर जिला संघ के समस्त पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।


अन्य पोस्ट