महासमुन्द
जहां अवैध रेत भंडारित, वहां के जमीन मालिकों के खिलाफ होगी कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मई। जिले के बरबसपुर-बिरकोनी-घोड़ारी के आसपास इलाकों में अवैध डंप रेत मामले में जमीन मालिकों की कुंडली खंगाली जा रही है। जहां अवैध रेत भंडारित हैं, वहां के जमीन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश कलेक्टर ने दिए हैं। उनका सख्त निर्देश है कि अवैध रेत के खिलाफ कार्रवाई हो। लिहाजा नक्शा खसरा निकाल भूस्वामियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की तैयारी है।
इसेक मुताबिक जमीन मालिकों को रेत डंप करने की परमिशन के साथ कुल रेत का पिट पास भी दिखाना होगा। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा बाकायदा खनिज विभाग राजस्व अमले के साथ मिलकर आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। महानदी से रेत उत्खनन कर कवर्धा, बेमेतरा, राजधानी रायपुर सहित उन इलाकों में रेत की सप्लाई की जा रही है जहां नदी नालों का अभाव है। रेत की उपलब्धता नहीं होने के कारण इन स्थानों में रेत की भारी कीमतें वसूल की जा रही है। जिसके कारण महासमुंद, आरंग, राजिम और सहित नदी नालों के तटीय इलाकों में जमकर रेत का उत्खनन किया जा रहा है।
विभागीय जानकारी अनुसार रेत के भंडारण के लिए गिने चुने लोगों के पास अनुज्ञा मौजूद है। उसमें भी शिकायतें यह मिल रही है कि निर्धारित क्षमता से अधिक भंडारण किया गया है। अनुज्ञा प्राप्त रेत मंडारणकर्ताओं के स्थल की भी जांच की आवश्यकता है। तटीय इलाकों में जिन जमीनों में रेत डंप है, वहां का नक्शा, खसरा और भू स्वामियों की जानकारी निकाली जा रही ह,ए जिसके बाद सख्त कार्रवाई होगी।
विभाग को जानकारी मिली है कि बरबसपुर में रेत चोरों ने सरकारी और वन भूमि पर भी अवैध रूप से रेत का भंडारण कर रखा है। वर्तमान में बरबसपुर के आसपास के इलाकों में सैकड़ों स्थानों पर अवैध रूप से रेत की डंपिंग की गई है। जिसके लिए न तो जमीन मालिकों के पास अनुज्ञा है और न ही यहां उत्खनित रेत का पिट पास। ऐसे में खनिज विभाग द्वारा इन अवैध भंडारणों और खनिज की जब्ती की कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।