महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मई। ओडिशा में छत्तीसगढ़-महासमुंद निवासी मां अपने बेटे को बिजली करंट से बचाते चल बसीं। वह अपनी जान की परवाह किए बिना बेटे को बचाने दौड़ी और करंट से उसका बेटा तो बच गया, लेकिन इस जद्दोजहद में खुद को नहीं बचा सकीं।
महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पौंसरा के सत्यानंद साहू गांवों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थलों एवं मेला में स्टॉल लगाकर पान एवं फास्ट फूड बेचने का काम करता है। वह ओडिशा पदमपुर में आयोजित सात दिवसीय शीतल षष्ठी मेले में दो दिन पहले स्टॉल लगाकर पान एवं फ ास्ट फू ड बेचने गया था। साथ में उसकी पत्नी सन्तोषिनी साहू एवं ९वीं कक्षा में अध्यनरत उसका बेटा रिंकू साहू गर्मी छुट्टी होने के कारण अपने माता-पिता के साथ गया हुआ था।
रविवार की प्रात: आठ बजे उसका 15 वर्षीय बेटा रिंकू साहू पड़ोसी के ऑटो को चालू करने अन्य लोगों के साथ धक्का दे रहा था। तभी ऊपर से गुजरा छिला हुआ बिजली वायर से ऑटो बिजली में करंट प्रवाहित हो जाने से कई लोगों को झटका लगा। बिजली का वायर रिंकू के हाथ में आ जाने से वह बिजली करंट से चिपक गया और वह चिल्लाने लगा। पास में मौजूद उसकी मां ने जब देखा कि उसका बच्चा बिजली करंट में चिपक गया है, तो उसने बिना कोई देरी किए नंगे पांव दौडक़र अपनी जान की बाजी लगाते हुए बच्चे के हाथ से वायर को खींचकर अलग किया।
इस दरमियान बिजली करंट से उसका बेटा तो बच गया, पर तार मां संतोषिनी के हाथ लग गया। वह बिजली करंट में चिपक गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण पहुंचे और किसी तरह विद्युत लाइन को बंद कराया। उसके बाद महिला को डॉक्टर ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा कर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है।
सोमवार की शाम ओडिशा से शव को पौंसरा लाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।