महासमुन्द
मानसून सीजन में रेत को महंगे कीमत में बेचने की तैयारी में जुटे रेत भंडारण करने वालों पर कसा शिकंजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मई। मानसून सीजन में रेत को महंगे कीमत में बेचने की तैयारी में जुटे रेत भंडारण करने वालों पर प्रशासन ने शिकंजा कसते हुए भंडारण स्वीकृत अनुमति को भंडारण शर्तों के उल्लंघन के चलते निरस्त कर दिया है। इन 17 अनुज्ञप्तियों में फिलहाल बिरकोनी, बरबसपुर और बडग़ांव के 7 भंडारण कर्ताओं को शो कॉज नोटिस का जवाब नहीं दिए जाने के कारण इनकी अनुज्ञा निरस्त कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर के आदेश से निरस्त की गई अनुज्ञा को पुन: बहाल कराने के नाम पर एक दलाल द्वारा विधायक योगेश्वर राजू सिंहा से अपनी पहुंच और सांठगांठ का हवाला देते हुए अफसरों को सेट करने की मांग की जा रही है। यह भी जानकारी मिली है कि तीन साल तक जमीन को किराया में लेने के बाद संबंधित को रकम जमा नहीं किए जाने के कारण एक आदिवासी जमीन मालिक ने रेत भंडारणकर्ता के साथ अपना इकरारनामा रद्द कर दिया है। यह अपने आप में पहला मामला है जब तीन साल तक जमीन का इस्तेमाल करने के बाद भी उक्त आदिवासी को किराए की राशि नहीं दी गई और इकरारनामा रद्द करना पड़ा है। यह भी एक मामला है जिसके कारण उक्त भंडारणकर्ता की अनुज्ञा निरस्त की गई है।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बिरकोनी में प्रकाश चंद्राकर, सौरभ चंद्राकर एवं दामोदर चंद्राकर, बरबसपुर में मुनेश्वरी निषाद, अमित चंद्राकर तथा बडग़ांव में विनोद अग्रवाल के भंडारण की अनुज्ञा को कलेक्टर द्वारा निरस्त कर दिया है। सूत्र बताते हैं कि बरबसपुर रेत खदान में एक संघ का पदाधिकारी स्वयं को विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा का करीबी बताकर बरबसपुर रेत घाट में मनमानी पूर्वक रेत उत्खनन और भंडारण कार्य में लिप्त है। गढ़सिवनी, सेनकपाट,खमतराई, मोहकम, खड़सा, केडियाडीह सहित कई ऐसे घाटों में चोरी की शिकायत और कार्रवाई भी हुई। लेकिन बारिश सीजन लगने से पहले डेढ़ माह से जारी रेत के भंडारण पर अब तक कोई जब्ती कार्रवाई नहीं हुई है।
इस मामले में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा का कहना है कि रेत माफिया और इससे जुड़े लोगों से उनका कोई वास्ता नहीं है। शिकायत मिलती है तो प्रशासनिक अफसर तत्काल कार्रवाई करें। अवैध कार्यों को प्रश्रय देकर शासन प्रशासन की छवि धूमिल नहीं होने दी जाएगी।
रद्द अनुज्ञा को पुन: बहाल किए जाने का झांसा दिया जा रहा है। एक भंडारणकर्ता ने बताया कि कलेक्टर द्वारा स्वयं अपने आदेश को निरस्त नहीं किया जा सकता। इसके लिए उच्चाधिकारी के समक्ष अपील की जानी होगी। जिसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई होगी। लेकिन साथ चलने और सेट करने के नाम पर कमीशनखोरी के प्रयास की बात सामने आई है।