महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 26 मई। देशभर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘संविधान बचाओ यात्रा’ अभियान के अंतर्गत रविवार को बागबाहरा में संविधान बचाओ यात्रा निकाली। यह यात्रा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट के निर्देशानुसार तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। खल्लारी विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में यह यात्रा निकाली गई।
यात्रा का शुभारंभ प्रात: 10 बजे बागबाहरा रेलवे स्टेशन चौक से हुआ, जहां स्थानीय नागरिकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की भारी उपस्थिति ने इस अभियान को ऐतिहासिक बना दिया। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए झलप चौक तक पहुंची। मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा, नारों और तालियों के साथ स्वागत किया।
यात्रा का उद्देश्य संविधान की मूल आत्मा — समानता, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों को बचाने के लिए जन-जागरण करना था। खास तौर पर एससी, एसटी, ओबीसी वर्गों के अधिकारों की रक्षा की पुकार इस आयोजन का केंद्रीय स्वर बनी रही।
झलप चौक पर आयोजित सभा में खल्लारी विधायक श्री यादव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्र की डबल इंजन सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज संविधान पर सुनियोजित हमला हो रहा है। भाजपा सरकार द्वारा आरक्षण, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है। एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग के अधिकारों को छीनने का प्रयास हो रहा है। यह संविधान बचाओ यात्रा मात्र एक रैली नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा को बचाने का जनसंग्राम है।
श्री यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान ही भारत को एकजुट रखता है और उसी को मिटाने की साजिश भाजपा कर रही है।
विधायक यादव ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि अगर संविधान चला गया, तो न रोजगार मिलेगा, न शिक्षा का अधिकार रहेगा, और न ही समानता बचेगी। यही समय है जागने का, समझने का, और लडऩे का, कल का इंतजार अब नहीं कर सकते।
भूपेंद्र सिंह ठाकुर अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी, रवि निषाद अध्यक्ष बागबाहरा ग्रामीण कांग्रेस कमेटी,करण सिंह दीवान अध्यक्ष पिथौरा कांग्रेस कमेटी, संतोष पटेल अध्यक्ष कोमाखान कांग्रेस, कमेटी, ताम्रध्वज बघेल युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष, दुर्गा सागरअध्यक्ष – महिला कांग्रेस (जिला), बागबाहरा जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायक राम चंद्राकर, कृषक कल्याण परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष महेंद्र चंद्राकर, पर्यटन मंडल के पूर्व सदस्य अंकित बागबाहरा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गणेश शर्मा, लखबीर छाबड़ा, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवेश साहू अशोक अग्रवाल के साथ-साथ कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों, मोर्चों, संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर इस यात्रा को सफल और ऐतिहासिक स्वरूप दिया।
जनसमर्थन ने बढ़ाया हौसला, बनी सामाजिक चेतना की मिसाल
संविधान बचाओ यात्रा ने न केवल एक राजनीतिक अभियान का स्वरूप लिया, बल्कि यह सामाजिक चेतना और संविधान के प्रति आमजन के विश्वास का प्रतीक बनकर उभरी। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और छात्रों की उल्लेखनीय भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि जनता अब संविधान के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को सहन नहीं करेगी।
कांग्रेस की चेतावनी- संविधान से छेड़छाड़ नहीं सहेंगे
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने संविधान की रक्षा का संकल्प लेते हुए चेतावनी दी कि यदि केंद्र की भाजपा सरकार संविधान के प्रावधानों को कमजोर करने की कोशिश करती है, तो कांग्रेस सडक़ों पर उतरकर लोकतंत्र और समाज के हाशिए पर खड़े वर्गों की आवाज़ बुलंद करेगी।