महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,24मई। पीएम श्री सेजेस तुमगांव में 14 से 23 मई तक आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन हो गया। इस शिविर में छात्रों ने विभिन्न रचनात्मक और शैक्षिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा देना था। जिसमें कला, शिल्प, खेल, योग और पर्यावरण जागरूकता जैसी गतिविधियां शामिल थीं। शिविर के दौरान छात्रों ने पेंटिंग, मिट्टी शिल्प, नृत्य, और संगीत की कक्षाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित कार्यशालाओं में पौधरोपण और जल संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा महासमुंद, रेखराज शर्मा नेे भी स्कूल का दौरा किया। उन्होंने शिविर की गतिविधियों का अवलोकन किया और शिक्षकों व छात्रों के प्रयासों की सराहना की। श्री शर्मा ने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों को अपनी प्रतिभा को निखारने और जीवन कौशल सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। यह समग्र शिक्षा के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शिविर के समापन समारोह में छात्रों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। जिसमें नृत्य, नाटक और कला प्रदर्शन शामिल थे। स्कूल के प्राचार्य लंकेश कुरील ने सभी प्रतिभागियों और शिक्षकों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। यह शिविर न केवल बच्चों के लिए मनोरंजक रहा। बल्कि उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध हुआ। इस शिविर में मुख्य रूप से आई एल साहू, के आर साहू, तिलक शर्मा, श्री धीवर, पवन डडसेना, कामता प्रसाद साहू, हेमलता साहू, कुसुम कुजूर, ज्योति सिंह, सुरेश यादव, नवीन दास, सत्यम पांडेय, लक्ष्मी नारायण साहू, रेणुका साहू, मोनिका यादव, लिली मजखंड, प्रगति साहू, नलिनी ध्रुव आदि उपस्थित थे।