महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 महानदी के तटीय इलाके बडग़ांव, बरबसपुर और मुडिय़ाडीह रेत घाट हालांकि वैध रूप से संचालित हैं लेकिन इन घाटों में से बडग़ांव में रात में रेत खनन, मशीन से लोडिंग और परिवहन बंद है, लेकिन बरबसपुर तथा मुडिय़ाडीह में रात में भी उत्खनन, मशीन से लोडिंग और परिवहन निर्वाध जारी है। हालात यह है कि जिन घाटों में विपक्षी दल के लोग संलिप्त हैं, या किसी भाजपाई की भागीदारी है, वहां शासन-प्रशासन द्वारा रियायत बरती जा रही है।
लिहाजा भाजपा के जनप्रतिनिधि भी चुप्पी साधे बैठे हैं। यही कारण है कि रेत के अवैध भंडारण में अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई है।
जीरो पाईंट पर जाकर देखने से खाली मैदानों में रेत की अबाध डंपिंग हैं। खासकर घोड़ारी क्षेत्र में रेत के बड़े-बड़े पहाड़ खड़े कर दिये गये हैं। रायपुर राजमार्ग पर घोड़ारी पंचायत क्षेत्र में रात में लगातार रेत का अवैध उत्खनन जारी है।
ग्रामीणों की मानें तो गांव में रेत खदान का ठेका नहीं हुआ है लेकिन अवैध रूप से पंचायत फंड में राशि जमा करके रेत माफिया अवैध उत्खन कर रहे हैं।
अब सामने बारिश है और बारिश के दिनों में नदी से रेत की निकासी बंद हो जाती है। लिहाजा मानसून से पहले ही रेत खदानों में कालाबाजारी शुरू हो चुकी है। बिरकोनी इंडस्ट्रीयल एरिया के आसपास रेत घाट वाले गांवों में सैकड़ों स्थानों पर हजारों ट्रक रेत डंप की जा चुकी हैं। इसे मानसून के दौरान दोगुने-तीगुने दामों पर बेचे जाने की तैयारी है।