महासमुन्द
महासमुंद,13मई। आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने वृत्त पिथौरा अंतर्गत नवागांव जंगल में दो लोगों को ओडि़शा प्रांत निर्मित हिरण छाप कच्ची मदिरा 520 नग विक्रय करते पकड़ा है। इसके अलावा राजा सेवैया स्थित कामाख्या मंदिर जंगल में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा महुआ शराब निर्माण की जानकारी होने पर टीम द्वारा छापा मार कार्रवाई कर 135 लीटर महुआ शराब तथा 500 किलोग्राम लाहन जब्त किया है। जब्त शराब व लाहन की कीमत 72800 बताया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार आबकारी की संयुकत टीम को मुखबिरों से सूचना मिली कि पिथौरा के नवागांव जंगल में पुनीत राम यादव 53 निवासी नवागांव बुंदेली तथा मेघ सिंह सतनामी 53 द्वारा अवैध रूप से ओडि़शा निर्मित कच्ची महुआ शराब पाउच बेचा जा रहा है। जिसे घेराबंदी की टीम ने पकड़ा व 520 पाउच शराब जब्त किया। वहीं राजा सेवैया कामाख्या मंदिर जंगल में अज्ञात आरोपियों द्वारा महुआ शराब का निर्माण की सूचना पर टीम द्वारा दबिश देकर 135 लीटर महुआ शराब तथा 500 किलोग्राम लाहन को जब्त किया गया। उक्त कार्रवाई संयुक्त रूप से आबकारी वृत्त बसना, सांकरा, पिथौरा की टीम द्वारा की गई। जिसमें उप निरीक्षक मिर्जा जफर बेगर, दरसराम सोनी, हृदय कुमार तिरपुड़े, आरक्षक देवेश मांझी शामिल रहे।