महासमुन्द

एचएसआरपी नहीं लगाया तो होगा जुर्माना
13-May-2025 4:15 PM
एचएसआरपी नहीं लगाया तो होगा जुर्माना

जिले के साढ़े 5 हजार वाहन स्वामी नंबर प्लेट बुक करा चुके

आज से कलेक्टोरेट में 3 दिवसीय शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,13मई। महासमुंद जिले में सभी प्रकार के वाहनों में एचएसआरपी हाई सिक्युरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाने का काम तेजी से चल रहा है। इसकी गति बढ़ाने के लिए शिविरों का आयोजन जिला परिवहन कार्यालय द्वारा किया जा रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में आज 13 मई से 15 मई कलेक्टोरेट में शिविर लगाया जा रहा है। यह नंबर प्लेट 1 अप्रैल 2019 से पूर्व के सभी प्रकार के वाहनों पर लगाना अनिवार्य है।

जिले में सभी प्रकार के 1 लाख, 78 हजार, 676 वाहनों में एचएसआरपी हाई सिक्युरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाया जाना है। जिला परिवहन कार्यालय अब तक 5336 वाहनों पर इस नंबर प्लेट को लगाने की तैयारी कर चुका है। इन वाहनों के स्वामी अपने वाहन की नंबर प्लेट बुक करा चुके हैं। इनमें से 1083 वाहनों पर नंबर प्लेट लगाई भी जा चुकी है।

 

वाहन मालिकों से अपील की जा रही है कि सभी प्रकार के वाहनों की सुरक्षा बढ़ाने और चोरी तथा धोखाधड़ी को रोकने के लिए एचएसआरपी नंबर प्लेट को शीघ्र से शीघ्र लगवा लें। आरटीओ के मुताबिक जिले में 1 अप्रैल 2019 से पहले के सभी प्रकार के वाहनों में एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने का काम जारी है। यह काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश हैं। नंबर प्लेट नहीं लगाने वाले वाहन स्वामी को जुर्माना लगाया जाने का प्रावधान है। 13 मई से 15 मई तक इस हेतु कलेक्टोरेट में शिविर लगाया जा रहा है। आधार कार्ड, आरसी बुक और मोबाइल नंबर की जरूरत प्रक्रिया के लिए होगी। इसके साथ वाहन स्वामी एचएसआरपी नंबर प्लेट के लिए शिविर में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।


अन्य पोस्ट