महासमुन्द

तेंदूपत्ता तोडऩे जंगल गए युवक पर भालू ने किया हमला
13-May-2025 3:57 PM
तेंदूपत्ता तोडऩे जंगल गए युवक पर भालू ने किया हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,13मई। इन दिनों तेन्दूपत्ता तोडऩा जान जोखिम में डालने के बराबर हो गया है। एक बार फिर भालू के हमले से तेन्दूपत्ता तोडऩे गया ग्राम पंचायत पतेरापाली का एक युवक घायल हो गया है। कुछ दिनों पूर्व ही एक और व्यक्ति पर भालू ने हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस तरह की दूसरी घटना से तेन्दूत्ता तोडऩे वालों में भी अब दहशत देखा जा रहा है।

वर्तमान में तेन्दूपत्ता तोड़ाई का कार्य चल रहा है। शासन तेन्दूपत्ता तोड़ाई करने वालों को एक निश्चित राशि देती है। अबयह कार्य भी जंगलों के आसपास निवास करने वाले ग्रामीणों के लिए आय का एक प्रमुख स्रोत होता है। लेकिन जंगल में पत्ता तोड़ते समय जंगली जानवरों का हमेशा खतरा बना रहता है और खतरों के बीच भी लोग इसकी तोड़ाई करने के लिए जाते हैं।

 

इससे पहले के सालों में सरायपाली क्षेत्र में इस प्रकार जानवरों के हमले की शिकायतें नहीं आती थीं। लेकिन इस वर्ष तेन्दूपत्ता की तोड़ाई शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुआ है और भालुओं के हमले की दो घटनाएं सामने आ गई हैं। कुछ दिनों पूर्व ग्राम अमलीडीह निवासी दशरथ सेठ पर 3 भालुओं ने हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया था। कल पुन: इस दूसरी घटना में तेंदूपत्ता तोडऩे जंगल गए ग्राम पंचायत पतेरापाली के सुनील सोना पिता जयदेव पर एक भालू ने हमला कर दिया।

 इसकी सूचना जैसे ही ग्राम पंचायत के सरपंच प्रभात पटेल को हुई वे अपने साथ सचिव मुक्तेश्वर मटारी, वनरक्षक राकेश पटेल व ग्रामीणों के साथ घटना स्थल पहुंचे। इसके बाद गंभीर रूप से घायल सुनील को 112 वाहन में सरायपाली स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। साथ ही वन अधिकारियों को भी इस मामले में संज्ञान लेने का अनुरोध किया गया है।


अन्य पोस्ट