महासमुन्द
बसना में रागी प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना का काम चल रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 मई। मिलेट्स फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए चल रही शासन की मुहिम महासमुंद में अब और तेज हो गई है। जिले के कलेक्टर विनय कुमार लंगेह चाहते हैं कि शहर के अलावा जिले के आम से लेकर खास लोगों को मिलेट्स का लाभ मिले। लिहाजा जिले के बसना में जिला प्रशासन रागी प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना करने जा रही है। इसके लिए लगभग 2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है। वर्तमान में युनट स्थापना के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया जारी है।
जिले में पहली बार रागी प्रोसेसिंग के लिए नरसिंगनाथ फार्मर आर्गेनाइर्जेशन को काम मिला है। इस यूनिट के साथ ही सरसों, मूंगफली, सूरजमुखी यानी तिलहनी फसलों के लिए भी स्पेलर मशीन लगाया जा रहा है। इससे अंचल के लोगों को शुद्ध खाद्य तेल मिल सकेगा। चूंकि रागी की फसल संर्वाधिक रूप से बसना ब्लॉक में हो रही है। अत: प्रोसेंसिंग यूनिट भी बसना में लगाई जा रही है। बाद जिला मुख्यालय सहित अन्य ब्लॉकों में भी यूनिट लगाने शासन की योजना है।
जानकारी मिली है कि कलेक्टोरेट में मिलेट्स फसलों से निर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए सर्वसुविधायुक्त रेस्टोरेंट भी खोला जाएगा। इसकी भी तैयारी शुरू हो चुकी है। कृषि विभाग से मिली जानकारी अनुसार महज 200 हेक्टेयर से शुरू हुई रागी फसल साल 2025 आते तक 5400 हेक्टेयर में पहुंच चुकी है। यही कारण है कि इस फसल को लेकर किसानों में और अधिक रुचि जगाने के लिए अब शासन प्रोसेस यूनिट तथा खरीदी-बिक्री केंद्रों पर फोकस कर रही है।
जिला कलेक्टर के मुताबिक जिले में मिलेट्स फसलों के लिए प्रसंस्करण यूनिट खुल गया तो रागी, कोदो, कुटकी, ज्वार, बाजरा जैसी मिलेट्स फसलों को और भी अच्छा बाजार मिलेगा। वहीं किसानों में मिलेट्स फसलों के उत्पादन को लेकर रुचि भी बढ़ेगी। विभागीय जानकारी के अनुसार जिले में बीते 3-4 सालों से रागी, ज्वार,बाजरा, कोदो, कुटकी, मडिय़ा की फसलों का उत्पादन किसान कर रहे हैं और प्रदेश में इसका उत्पादन भी तेजी से बढ़ा है। ऐसे में महासमुंद में भी खाद्य प्रसंस्करण यूनिट की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पोषक तत्वों से भरपूर होने तथा पोषक पूरण आहार में मुख्य घटक के रूप में उपयोगी होने की वजह से शासन अब रागी की फसल को प्रोत्साहित कर रही है।
महासमुंद जिले में इस बार 54 सौ हेक्टेयर में रागी की फसल लगाए जाने का लक्ष्य विभाग ने रखा है। इसे प्रोत्साहित करने के लिए कृषि विभाग के कृषि विस्तार अधिकारी ग्रामों में जा कर किसानों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसी वर्ष से प्रदेश सरकार दलहन तिलहन को समर्थन मूल्य में खरीदना प्रारंभ कर चुकी है। चूंकि ग्रीष्मकालीन रबी फसल में धान की फसल को अधिक पानी की आवश्यकता होती है। लिहाजा इन फसलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक रागी मडिय़ा की फसल में पानी बहुत ही काम लगता है। वहीं इस फसल में बीमारियों की संभावना कम रहती है। इस लिए इसके प्रोत्साहन को लेकर शासन.प्रशासन गंभीर है। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भारत दुनिया में रागी का सबसे बड़ा उत्पादक है और इसकी खेती अफ्रीका, चीन, जापान, श्रीलंका जैसे उष्ण कटिबंधीय और उपोष्ण कटिबंधीय क्षेत्रों में भी की जाती है। यह स्वभाव से खरीफ की फसल है। लेकिन पर्याप्त पानी और सिचाई का व्यवस्था होने पर इसे रबी की फसल के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। देश में रागी का सबसे बड़ा उत्पादक प्रदेश कर्नाटक है। इसके बाद तमिलनाडु, उत्तराखंड का स्थान है। पिछले कुछ समय से महासमुंद जिले के किसान भी इसकी खेती कर रहे थे। महामसुंद में 15 वर्ष पूर्व रागी का रकबा दहाई अंकों जितने रकबे पर ही होता था। लेकिन अब रकबा हजार पहुंच गया है।
उप संचालक कृषि एफ आर कश्यप ने बताया कि हमारे जिले में बहुत तेजी से किसानों में रागी सहित अन्य मिलेट्स फसलों की ओर रुझान बढ़ा है। वर्तमान में हर सीजन में किसान मिलेट्स फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। कम पानी में तैयार होने वाली इन फसलों का लागत भी कम है और मुनाफा अच्छा है। यदि प्रसंस्करण यूनिट लग जाए तो सोने पर सुहागा वाली बात हो जाएगी। रागी प्रोसेस यूनिट से किसानों को रागी विक्रय करने में आसानी होगी और इस फसल की ओर उनका रुझान और भी बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि फूड प्रोसेसिंग उद्योग नई आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है। जिससे अर्थव्यवस्था के विकास में मदद मिलती है।
कुछ खाद्य प्रसंस्करण तकनीकों से खाद्य पदार्थों में पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ती है। जिससे लोगों के पोषण स्तर में सुधार होता है। खाद्य प्रसंस्करण खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। क्योंकि यह खाद्य पदार्थों को दूषित होने से बचाता है। फूड प्रोसेसिंग उद्योग कृषि में विविधता को बढ़ावा देता है, क्योंकि यह विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों को संशोधित करने में मदद करता है।