महासमुन्द
कोर्ट के आदेश के बाद धोखधड़ी का जुर्म दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12मई। एक ही जमीन को दो अलग-अलग लोगों को बेचने के मामले में न्यायालय के आदेश के बाद पिथौरा पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 420 के तहत धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार परिवादी संजय गिरि की ओर से अधिवक्ता ने आवेदन पेश किया था। जिसमें बताया गया था कि अभियुक्त विद्याधर पटेल के नाम पर ग्राम ठाकुदिया कला पटवारी हल्का नंबर 20 रानिमं कौहाकुड़ा पुराना पिथौरा तहसील पिथौरा में खसरा नंबर 606 रकबा 0.65, खसरा नंबर 607-1 रकबा 0.16, खसरा नंबर 607-2 रकबा 0.16, खसरा नंबर 608 रकबा 0.37 कुल खसरा 4 रकबा 1.34 हेक्टेयर लगान 2 रुपए उक्त भूमि को परिवादी द्वारा अभियुक्त से 11 जुलाई 2011 को कुल 3.50 लाख रुपए में क्रय कर कब्जा प्राप्त किया गया था।
पंजीकृत विक्रय विलेख का विधिवत निष्पादन उप पंजीयक महासमुंद के कार्यालय में किया गया था। उपरोक्त भूमियों का राजस्व अभिलेखों में नामांतरण परिवादी के पक्ष में नहीं किया जा सका था जिसे अपने पक्ष में नामांतरण करने नायब तहसीलदार पिथौरा को मार्च 2022 में आवेदन प्रस्तुत कर अभिलेख दुरुस्त करने प्रार्थी द्वारा निवेदन किया गया था।
पश्चात नायब तहसीलदार द्वारा परिवादी के पक्ष में उपरोक्त भूमियों का नामांतरण कर अभिलेख दुरुस्त करने आदेश पारित किया गया। किंतु उक्त आदेश के पूर्व ही आरोपी द्वारा एक अन्य क्रेता उमादेवी पटेल के पक्ष में उपरोक्त भूमियों का नामांतरण कर दिया गया। जिसकी जानकारी प्रार्थी संजय गिरी को बाद में हुआ।
जानकारी के बाद प्रार्थी ने पिथौरा थाना में प्राथमिकी दर्ज करने आवेदन दिया। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन दिया था। उसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय में आवेदन पेश किया। मामले में न्यायालय के आदेश के बाद पिथौरा थाने में आरोपी के विरूद्ध धोखाधड़ी का अपराध धारा 420 दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।