महासमुन्द

बिना टिकट ट्रेन में यात्रा कर रहे 3 नशेड़ी टीटीआई को देख चलती ट्रेन से कूदे: 1 मृत, 2 गंभीर
12-May-2025 3:30 PM
बिना टिकट ट्रेन में यात्रा कर रहे  3 नशेड़ी टीटीआई को देख  चलती ट्रेन से कूदे: 1 मृत, 2 गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,12 मई। बिना टिकट ट्रेन में यात्रा कर रहे 3 नशेड़ी युवकों ने टिकट इंस्पेक्टर को देख डरकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 2 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की सूचना रेलवे पुलिस ने महासमुंद कोतवाली को दी। घायल युवकों को मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। घटना पीटियाझर रेलवे ट्रैक पर बीते 8 मई की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार 8 मई को पुलिस को पिटियाझर रेलवे पटरी के पास तीन व्यक्तियों के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर तीन व्यक्तियों के घायल एवं अचेत अवस्था में पड़े होने के बाद इलाज हेतु जिला अस्पताल महासमुंद में भेजा गया। जहां डॉक्टर द्वारा आदित्य सोना उर्फ मोंटी सोना को मृत होना घोषित कर दिया। वहीं शेष दो युवक अजय बघेल उर्फ खिरसिंधु बघेल पिता शंकर बघेल निवासी जागृतिनगर आरबीएच कॉलोनी फाफाडीह रायपुर एवं विक्की साहू पिता अश्विन साहू निवासी जागृतिनगर आरबीएच कालोनी फाफाडीह रायपुर को इलाज हेतु अस्पताल दाखिल किया गया।

 

कोतवाली पुलिस ने जांच के दौरान दोनों घायलों से पूछताछ की। जिस पर उन्होंने 7 मई को शाम करीब 04 बजे मृतक मोंटी सोना के साथ ट्रेन से रायपुर से कांटाबांजी जाना स्वीकार किया। कांटाबांजी रेलवे स्टेशन के पास मोंटी सोना के परिचित व्यक्ति से मृतक ने 600 रुपए में गांजा एवं नाइट्रोसुन 10 टेबलेट खरीदा, जिसका सेवन तीनों ने किया। इसके बाद मृतक के मामा द्वारा रायपुर घर वापस जाने हेतु कहने पर वापस लिंक एक्सप्रेस ट्रेन में बिना टिकट के बैठ कर वापस आने के दौरान टिकट चेकर को देखकर पकड़े जाने के भय से चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। ट्रेन से कूदने के कारण ही आदित्य सोना उर्फ मोन्टी सोना की मृत्यु होना बताया गया है। बाकी उनके दो साथी घायल हुए हैं। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 27 एलकेएस के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।


अन्य पोस्ट