महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मई। महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र स्थित सांकरा थाना अंतर्गत भगतदेवरी से सलड़ीह मार्ग पर जामजुड़ा चौक में सांकरा पुलिस ने ओडिशा से बिना नंबर पल्सर मोटर साइकिल से गांजा की तस्करी करते हुए एक युवक को पुलिस ने पकड़ा है। उसके कब्जे से पिट्टू बैग में 6 किलो गांजा बरामद किया गया। सांकरा पुलिस ने आरोपी युवक को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। सांकरा थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार सांकरा पुलिस को 6 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर की काले रंग की पल्सर मोटर साइकिल से एक युवक ओड़िशा से गांजा की तस्करी कर सलडीह भगतदेवरी के रास्ते गांजा ले जा रहा है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सांकरा पुलिस भगतदेवरी से सलड़ीह मार्ग पर पूर्वान्ह 11 बजे जामजुड़ा चौक में जा कर वाहनों को रोक कर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर काले रंग की पल्सर मोटर साइकिल से भगत देवरी की और आ रहे युवक को रोक कर पूछताछ किया गया।
उसने अपना नाम घनश्याम मनहर उम्र 22 वर्ष ग्राम बगलोटा थाना बिलाईगढ़ का निवासी बताया। जांच के दौरान 6 किलो गांजा के संबंध में पूछताछ करने पर ओडि़शा से छत्तीसगढ़ लाना स्वीकार किया। सांकरा पुलिस ने आरोपी युवक से ग्रे कलर पिठू बैग में 6 किलो गांजा कीमती 60 हजार रुपए बरामद कर उसे जब्त किया।