महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 मई। ग्राम बिरकोनी के रोजगार सहायक टेमन गिलहरे को पीएम आवास योजना के हितग्राहियों से राशि मांगने की शिकायत मिलने पर जांच के बाद जिपं सीईओ ने सेवामुक्त करने का आदेश जारी किया है।
जारी किये गये सेवा समाप्ति आदेश के अनुसार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजनांतर्गत कार्यरत ग्राम पंचायत बिरकोनी के रोजगार सहायक टेमन गिलहरे के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राहियों से जियो टैंगिग करने एवं 90 दिवस के मस्टररोल जारी कर भुगतान कराने के एवज में राशि लेने के आरोप की जांच कराई गई।
जिसे सत्य पाये जाने पर रोजगार सहायक टेमन गिलहरे के विरूद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई किए जाने हेतु पत्र इस कार्यालय के पत्र क्रमांक 4 56 महासमुंद दिनांक 6-5-2025 के माध्यम से कार्यालय जिला पंचायत महासमुंद को दी गई थी।
जिसके उपरांत उक्त के संबंध में कार्यालय जिला पंचायत महासमुंद का पत्र प्राप्त हुआ है जिसमें ग्राम पंचायत बिरकोनी के रोजगार सहायक टेमन गिलहरे को छ.ग. सिविल सेवा संविदा नियुक्ति नियम 2012 के कण्डिका 11 के तहत सेवा से पृथक करने का निर्देश प्राप्त हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजनांतर्गत कार्यरत ग्राम पंचायत बिरकोनी के रोजगार सहायक टेमन गिलहरे द्वारा पीएम आवास ग्रामीण हितग्राहियों से जियो टैगिंग एवं 90 दिवस के मस्टररोल जारी कर भुगतान कराने के एवज में राशि लेने की शिकायत जनपद सदस्य सुधा चद्राकर ने की थी।
जिसकी जांच कराई गई। जांंंंंंंंंंंंंंंच में शिकायत सहीं पाई गई। पश्चात कलेक्टर के अनुमोदन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के निर्देश पर रोजगार सहायक श्री गिलहरे को तत्काल प्रभाव से पद से पृथक कर दिया गया है।