महासमुन्द
हर साल मरम्मत के बाद भी स्थिति जस की तस, कलेक्टर से मिले किसान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 मई। कोडार बांध बायीं तट मुख्य नहर से ग्राम बेमचा के घोंठिया खार की सिंचाई हेतु बनाई गई बेमचा माइनर में सुधार को लेकर किसानों ने कल कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि इस एरिया में पर्याप्त सिंचाई नहीं हो पाने की वजह से हर साल 50 फीसदी फसलें मर जाती है। पिछले 25 सालों से किसानों को साधन संपन्न किसानों से पानी खरीदकर सिंचाई करना पड़ रहा है।
किसानों ने सौंपे ज्ञापन में बताया कि कोडार परियोजना के बायीं तट मुख्य नहर के बडग़ांव वितरक नहर के दायीं ओर बेमचा माइनर बनी हुई है। पिछले वर्ष 2023-24 में आवेदनानुसार 5-6 लाख रुपए की स्वीकृति कर नहर का सुधार कार्य किया गया। फिर भी पिछले 20 वर्षों की भांति टेल एरिया एवं रेल्वे पाई से सिंचाई होने वाले कृषकों की सिंचाई अभी भी नहीं हो पा रही है। जिससे कृषकों को दोहरा भार सिंचाई टैक्स पटाना, फसल बचाने प्राइवे ट्यूबवेल से पानी खरीदकर फसल बचाना पड़ रहा है। हालात यह है कि ग्राम बेमचा के घोठिया खार की अनुबंधित क्षेत्र 207.38 हे.518.45 एकड़ में पूर्णत: सिंचाई नहर खराब होने से फसल खराब हुआ है।
बताया कि उक्त माइनर से करीब 500 फीट की दूरी पर परसवानी सब माइनर बनी हुई है जो कि ढलान होने के कारण काफी मात्रा में पानी निकल जाता है। जिससे टेल एरिया में पानी नहीं पहुंच पाता। परसवानी माइनर पर अधिक पानी की बहाव को बचाना अति आवश्यक है। किसानों ने कहा कि पिछले वर्ष 2023-24 में नहर सुधार का कार्य हुआ है। जहां पर कई जगह नहर पार को काटकर देखरेख के अभाव में संकरा कर दिया गया है। जिसकी जांच कर नहर पार की सुधार कर लाइनिंग कार्य अतिशीघ्र की जावे। उक्त नहर से घोठिया खार से 50 एकड़ की अपासी रेल्वे पाई से ही होती है। जहां पर रेल्वे पाई के मेड़ समतल हो जाने के कारण रेल्वे पाई के पानी को बेमचा माईनर में काटकर गिरा दिया जाता है। जिससे रेल्वे पाई से अपासी होने वाले करीब 50 एकड़ के कृषकों की फसल हर वर्ष मर जाती है। किसानों ने मांग की है कि उक्त बातों को ध्यान में रखते हुए टेल एरिया के कृषकों एवं रेल्वे पाई से अपासी होने वाले कृषकों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जावे। इस अवसर पर राधेश्याम चंद्राकर, रामलाल निषाद, झाडूराम साहू, भारत निषाद, बद्री निषाद, मदन गोपाल, मोहन यादव, सुंदर निषाद, जीतलाल साहू, लखन लाल, नरोत्तम साहू, द्वारिका प्रसाद, ओमप्रकाश साहू सहित ग्रामीण उपस्थित थे।