महासमुन्द
महासमुंद, 7 मई। गुरुवार 8 मई को विश्व थैलेसीमिया दिवस है। डॉ. किरण माखीजा,शिशु, बाल्य व किशोर स्वास्थ्य विशेषज्ञ, पूर्व अध्यक्ष, बाल्य स्वास्थ्य अकादमी छत्तीसगढ़ ने एक विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है कि विवाह पूर्व जांच को प्रेरित करने हेतु एक स्वास्थ्य कुण्डली का निर्माण किया गया है। जिसे विवाह पूर्व वर-वधु को अपनी जन्म कुण्डली के साथ साथ मिलवाना चाहिये। स्वास्थ्य कुंडली में कुछ जांच की जाती है। जिससे शादी के बंधन में बंधने वाले जोड़े यह जान सकें कि उनका स्वास्थ्य एक दूसरे के अनुकूल है या नहीं। स्वास्थ्य कुंडली के तहत थेलेसीमिया की जांच होगी। साथ ही एचआईवी, हेपाटाइटिस बी और सी, ब्लड ग्रुप और आरएच फैक्टर की भी जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में हर वर्ष 8 मई को थैलेसीमिया दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह एक शरीर में रक्त की कमी वाला गंभीर, जीवन भर के लिए बना रहने वाला रोग होता है। यह रोग बच्चों कोजन्म से ही माता-पिता से प्राप्त एक अनुवांशिक रक्त विकार जींस के द्वारा होता है। इस रोग में शरीर के रक्त में मौजूद लाल कण हीमोग्लोबिन में अत्यंत जरूरी प्रोटीन ग्लोबिन में खराबी होने से होता है। इससे शरीर में खून बनने की प्रक्रिया पर्याप्त तौर पर नहीं हो पाती है और लाल कण युक्त रक्त कोशिकाएं पैदा होने के बाद तेजी से नष्ट हो जाती हैं। अत: इस बीमारी में बच्चों को बचपन से ही खून की कमी और उसके लक्षण दिखने लगते हैं।
डब्ल्यूएचओ के अनुसार अपने भारत देश में हर वर्ष औसतन दस हजार थैलीसीमिया विकार पीडि़त शिशु पैदा होते हैं। यहां इसके करीब 11 लाख रोगी मौजूद हैं। छत्तीसगढ़ में अनुमानित 20 हजार से 25 हजार लाग पीडि़त हैं। बताया कि थैलेसीमिया दो प्रकार का होता है।
मेजर थैलेसीमिया रोग उन शिशुओं में होने की संभावना बन जाती हैं, जिनके दोनों अभिभावकों में थैलीसीमिया के जींस मौजूद होते हंै। वहीं माइनर थैलेसीमिया उन शिशुओं में होता है, जिन्हें थैलेसेमिया के जींस उसके अभिभावकों में से सिर्फ किसी एक से प्राप्त होता है।
इसके लक्षण के अनुसार सूखते व सफेद चेहरे, लगातार बीमार रहने, वजन ना बढ़ऩे, खून की कमी, लिवर व तिल्ली में सूजन जैसे अन्य कई लक्षणों से शिशु में बीमारी का पता चलता है। प्रथम 6 माह की उम्र में ही इस बीमारी की पहचान शिशुओं में की जा सकती है। जेनेटिक टेस्टिंग और एचपीएलसी नामक खून जांच से इेस बीमारी का पता लगाया जा सकता है।
सीबसी से खून की कमी या एनीमिया का पता लगाने के पश्चात मरीज को रक्त चढ़ाया जाता है। फेरिटीन खून जांच से शरीर में आयरन की अधिकता पता कर अगर 1000 से ज्यादा है तो, उसका इलाज किया जाता है। जब हम इस बीमारी के इलाज की बात करते हैं, इस बात ध्यान रखना जरूरी है कि अभी तक इसका पूर्ण इलाज सभी मरीजों के लिए उपलब्ध नहीं है।
इस विकार में रोगी को शरीर में रक्त की भारी कमी होने लगती है और उसको अपना जीवन चलाने के लिए अस्पताल में भर्ती कर, निरंतर हर माह एक या दो बार बाहरी खून देना होता है। ग्रसित मरीज के रक्त का एचबी 9-10 होने पर रक्त चढ़ाते रहना चाहिए। व्यक्ति में लाल रक्त में हीमोग्लोबिन प्रोटीन में आयरन लौह तत्व मौजूद रहता है। इस रक्त रोग में बार-बार खून चढ़ाने के कारण रोगी के शरीर में अतिरिक्त लौह तत्व जमा होने लगता हैस जो हृदय, लीवर और मस्तिष्क में हर जगह पहुंचकर जानलेवा साबित होता है। अत: मरीज समय पर आयरन कम करने वाली दवाइयां लें और इलाज पूरा लें।
थैलेसीमिया रोगी के इलाज में निरंतर रक्त चढ़ाने और आयरन को कम करने की महंगी दवाइयों पर निर्भरता होती है और सभी इसका इलाज नहीं करवा पाते हैं। इसमें मरीज का जीवन अधिक से अधिक 10 या 15 वर्ष होता है। परंतु अनुभवी चिकित्सक के सही परामर्श और उचित मार्गदर्शन से इसका इलाज होने पर जीवन 35 वर्ष व इससे अधिक होता है। बोन मैरो ट्रांसप्लांट से इस बीमारी के पूर्ण उपचार में मदद मिलती है। परंतु सभी मरीजों को यह इलाज आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता है।
माता-पिता दोनों माइनर जींस रखते हंै तब उनके होने वाली संतानों में मेजर थैलेसेमिया, जो काफी घातक रक्त विकार हैं, होने की संभावना होती है। अत: यह अत्यावश्यक है कि विवाह से पहले महिला-पुरुष, विवाह के पश्चात माता-पिता दोनों अपने रक्त में थैलेसीमिया की जांच अवश्य करा लें।
छत्तीसगढ़ में थैलेसीमिया कई बार सिकलिंग के साथ जुडक़र सिकलिंग थैलेसीमिया बीमारी बनाता है। इस बीमारी में भी खून टूटने की प्रक्रिया सामान्य से अधिक देखी जाती है। इन मरीजों में भी समय-समय पर खून चढ़ाने की आवश्यकता पड़ती है परंतु लगातार और हर माह खून चढ़ाने की आवश्यकता हो जैसा थैलेसीमिया में होता है।
ऐसा सिकलिंग थैलेसीमिया देखने को नहीं मिलता। उचित परामर्श और देखभाल से सिकलिंग थैलेसीमिया के मरीज का जीवन एक सामान्य जीवन के रूप में चलता है। इसके रोकथाम और बचाव थैलेसीमिया की बीमारी जैसे ही किया जाता है।
इन रोगियों के लिए बहुत सारी संस्थायें रक्त प्रबंधन के अलावा और भी बहुत सारी सहायता प्रदान कराती हैं। थैलेसीमिया रोगी को रक्त उपलब्ध कराने के लिए रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाता है जिसमें समाज से बहुत सारे सज्जन भागीदारी करते हैं। उक्त जानकारी जिला अस्पताल महासमुंद के पूर्व सीएमएचओ डॉ. राकेश परदल ने दी है।