महासमुन्द

आईएएस, आईपीएस, नेता, मंत्री से भी बड़ा पटवारी, जिंदा आदमी को मृत और मृत को जिंदा घोषित करने का कारनामा कर सकता है-रूपकुमारी चौधरी
07-May-2025 3:32 PM
आईएएस, आईपीएस, नेता, मंत्री से भी बड़ा पटवारी, जिंदा आदमी को मृत और मृत को जिंदा घोषित करने का कारनामा कर सकता है-रूपकुमारी चौधरी

सांसद ने  जमीनी अमले की जमकर खिंचाई की, कहा-यमराज से भी बड़ा आदमी पटवारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 मई। सुशासन तिहार के तीसरे चरण में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि लोग आईएएस, आईपीएस, नेता, मंत्री को बड़ा आदमी मानते हैं लेकिन सबसे बड़ा आदमी पटवारी है। मुख्यमंत्री जी ने भी कह दिया है कि यमराज से भी बड़ा आदमी पटवारी है।

उन्होंने कहा कि जमीन बरसात में बढ़ जाती है या गर्मी में सिकुड़ जाती है ऐसा हो नहीं सकता। फि र पटवारी किसी की जमीन किसी के नाम कैसे कर देता है? उन्होंने हाल ही में पटवारियों को लेकर अखबारों की सुर्खियों का भी जिक्र किया।

               बसना के गनेकेरा में आयोजित सुशासन तिहार के अंतिम चरण समाधान शिविर में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कमिश्नर और कलेक्टर की  मौजूदगी में जमीनी अमले की जमकर खिंचाई की। उन्होंने कहा कि वे सोमवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम बड़े टेमरी पहुंची। जहां 5 हैंड पंप खराब हैं, लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। क्षेत्र में बने 80 प्रतिशत पानी टंकियों में जल भराव नहीं होने के कारण लोगों के घरों तक जल  की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल, हर घर नल योजना के तहत घर-घर तक पानी देने की योजना का क्रियान्वयन के दावे हो रहे हैं।

श्रीमती चौधरी ने आगे कहा कि भालूपतेरा से मिले एक आवेदन के संबंध में यह कहा गया कि दूरी के कारण आवेदन निराकृत नहीं  किया जा सकता। उन्होंने समाधान शिविर के तहत राजस्व विभाग द्वारा बताए गए 1209 प्राप्त आवेदन में से 1209 आवेदन के निराकरण किये जाने  पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि 100 फीसदी निराकरण बहुत बड़ी बात है। लेकिन मेरा मानना है कि 1209 आवेदन में 50 प्रतिशत भी निराकृत हो गया होगा, तो बहुत है।

 

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सुशासन तिहार में प्रस्तुत आंकड़े जमीनी हकीकत से काफ ी है। भाजपा शासन की छवि धूमिल करने वाले अफसरों और जमीनी अमले को यह चेतावनी जरूरी है। क्षेत्र की जनता परेशान है। भाजपा शासन की साख को बनाए रखने के लिए  सख्त रवैय्या अपनाना भाजपा के सभी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। उन्होनें कहा कि किसी भी दफ्तर में बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा।  जबकि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार के शासन में किसी भी विकास कार्य के लिए पैसे की कमी नहीं है। लेकिन स्थानीय अधिकारी कर्मचारी ठीक नहीं है।

जिले में सुशासन तिहार के तृतीय चरण के अंतर्गत 6 मई को विकासखंड बसना के ग्राम गनेकेरा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विशिष्ट अतिथि बसना विधायक संपत अग्रवाल, रायपुर संभाग आयुक्त  महादेव कावरे एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह भी शिविर में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न विभाग के अधिकारियों ने विभागवार प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी। साथ ही विभागीय योजनाओं की  भी जानकारी दी। इस आयोजन में कुल 15 ग्राम पंचायतों की सहभागिता रही। जहां 3786 मांग और 49 शिकायतें मिलीं। इनमें से 3769 मांगों  और 44 शिकायतों सहित कुल 3813 मामलों का समाधान कर दिया गया। वर्तमान में केवल 22 प्रकरण शेष हैं, जिन पर शीघ्र कार्रवाई की जा रही है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने हितग्राहियों को किसान किताब, जाति प्रमाण पत्र, श्रम कार्ड एवं आबादी पट्टा  प्रदान किए। उन्होंने एवं अन्य अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली।

इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मोहित पटेल, जनपद सदस्य डिलेश्वरी निराला, नरेन्द्र यादव, डेविड पटेल, सरपंचगण, जिला पंचायत के  सीईओ एस आलोक, एसडीएम मनोज खांडे, जनपद सीईओ पीयूष ठाकुर, तहसीलदार ममता ठाकुर जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के  प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान कर उन्हें राहत देना सरकार की प्राथमिकता है।रायपुर संभाग आयुक्त महादेव कांवरे ने कहा कि इस अभियान से शासन और प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना है। ताकि लोग बिना किसी परेशानी के घर बैठे अपनी शिकायतें और मांगें दर्ज करा सके। लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।


अन्य पोस्ट