महासमुन्द

सुशासन तिहार, गोपालपुर में 98.25 फीसदी आवेदनों का निराकरण की जानकारी दी गयी
06-May-2025 3:50 PM
सुशासन तिहार, गोपालपुर में 98.25 फीसदी आवेदनों का निराकरण की जानकारी दी गयी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 पिथौरा, 6 मई। सुशासन तिहार के अंतिम चरण में सोमवार को गोपालपुर में पहले चरण में छूटे 317 आवेदन और लिए गए, सभी आवेदनों के निराकरण हेतु इन्हें सम्बन्धित विभाग को भेज दिया गया है। इसके अलावा पहले चरण में इस शिविर क्षेत्र से मिले कुल 4882 आवेदनों में 4797 आवेदनों के निराकृत होने की जानकारी आवेदकों को दी गयी। इनमें ग्राम पंचायत लाखागढ़ की एक शिकायत में युवा समिति से लंबी चर्चा के बाद कलेक्टर महासमुंद ने जिला पंचायत सीईओ को कार्यवाही के निर्देश दिए।

सुशासन तिहार के अंतिम चरण में विकासखण्ड के ग्राम गोपालपुर में शिविर लगाया गया।शिविर में क्षेत्रीय विधायक सम्पत अग्रवाल एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगहे भी पहुचे। शिविर में स्थानीय एसडीएम ओंकारेश्वर सिंह एवं तहसीलदार नितिन ठाकुर पूरे समय उपस्थित रह कर जन सुनवाई कर आवेदनों का निराकरण करते रहे। एसडीएम श्री सिंह से मिली जानकारी के अनुसार शिविर क्षेत्र के विभिन्न गावों से पहले चरण में कुल 4882 आवेदन प्राप्त हुए थे।इनमे 4797 यानी 98.25 फीसदी आवेदनों का निराकरण किया गया इसमें 93 आवेदन शिकायती थे उनमें 86 आवेदनों का निराकरण किया गया। अधिकतर आवेदन आवास सर्वे, भूमिहीन मजदूर सर्वे, महतारी वंदन, पेयजल समस्या एवम भूमि पट्टा के लिए मिले है। जिन्हें प्रक्रिया में डाला गया है।

 

गोठांन गड़बड़ी, आवेदकों ने दो जांच प्रस्तुत की समीप के ग्राम पंचायत लाखागढ़ में गोठांन घोटाले की जांच में जिले से गठित जांच टीम द्वारा सरपंच सचिव को दोषी बताया गया जबकि स्थानीय स्तर में बगैर जांच के ही जनपद सीईओ द्वारा सरपंच सचिव को क्लीन चिट दे दी गयी थी। इस घटना से आक्रोशित लाखागढ़ की युवा समिति ने मामला सुशासन तिहार में लगाया था परन्तु यहां भी इसका निराकरण नहीं करने से समिति के सदस्यों ने सोमवार को गोपालपुर शिविर में कलेक्टर के समक्ष दोनों जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किये।

जिस पर कलेक्टर ने तत्काल जिला सीईओ को कार्यवाही के निर्देश देते हुए युवकों से कहा कि कार्यवाही नही होती तो उन्हें पुन: अवगत कराएं इस बार दोषी अफसरों पर कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर के मामले में संज्ञान लेने पर युवकों ने उनका आभार व्यक्त कर अब जल्द कार्यवाही के लिये आश्वस्त होकर वापस लौटे।

 


अन्य पोस्ट