महासमुन्द
महासमुंद, 5 मई। शहर के अनेक इलाकों में इस साल भी बारिश का पानी जाम होने की संभावना है। शहर के जिन स्थानों में हर साल बरसात में पानी जमा होता है वहां की समस्या निपटाने के लिये पूरे साल भर पालिका प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया है। लिहाजा अगली बारिश में शहरवासियों को एक बार फिर से इससे जूझना पड़ेगा। शहर के अनेक ऐसे इलाके हैं जहां हर साल पानी जाम होता है। लेकिन इसे लेकर किसी भी तरह का कदम पालिका ने नहीं उठाया है। मालूम हो कि शहर के अयोध्या नगर में हर साल बारिश के दौरान स्थिति अजीब होती है। यहां गलियों में बारिश का पानी जाम हो जाता है और गंदा पानी घरों के भीतर घुस जाता है। नहर से लगे होने के कारण अयोध्या नगर में भी यहीं हाल है। बेमचा तथा शहर के नयापारा का पानी एक ही गली से गुजरता है। अयोध्या नगर में बनी पुरानी नाली वर्षों से अधूरी है।
फिल्टर प्लांट प्रोजेक्ट के तहत यहां बनाई जा रही नाली का काम भी कुछ प्रभावशाली लोगों की वजह से रुका पड़ा है। मतलब फिल्टर प्लांट की नाली भी अधूरी ही है। ऐसे में यदि बारिश होती है तो निश्चित तौर पर अयोध्या नगर के घरों में बारिश का पानी घुसेगा।
हालांकि यहां रहने वाले लोगों ने इससे बचने के लिये अपने घरों के दरवाजे ऊंचे कर लिये। लेकिन निस्तारी पानी की निकासी के लिये लगाये गये पाइप के माध्यम से पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। यही हाल शहर के बिन्नी बाई सब्जी मार्केटकाहै। यहां बारिश के दौरान घुटने तक पानी भर जाता है। बारिश के समाप्त होने के एक घंटे बाद यहां पानी नीचे उतर जाता है। इसी तरह पिछले 2 वर्षों से महासमुंद रायपुर मार्ग स्थित त्रिमूर्ति कॉलोनी के पहले सडक़ पर पानी बहाव होते देखा गया है। ड्रेनेज सिस्टम सही नहीं होने की वजह से यहां भी पानी जाम होता है।
जानकारी अनुसार अयोध्या नगर में वर्षों पूर्व पालिका प्रशासन ने नाली निर्माण कराया था, जो अब तक अधूरी है। अयोध्या नगरवासी इसे पूरा करने की मांग करते-करते थक गये। लेकिन मांगे पूरी नहीं हुई। अब पालिका लाखों की लागत से दूसरी नाली निर्माण की कोशिश में है। सीएमओ अशोक सलामे ने मीडिया से कहा है कि बारिश से पहले ठीक करने की कोशिश की जाएगी।