महासमुन्द
महासमुंद, 5 मई। एक प्रमुख पहल के रूप में भारत निर्वाचन आयोग एक नया उपयोगकर्ता मित्र डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म विकसित कर रहा है, जो मतदाताओं सहित निर्वाचन से जुड़े सभी हितधारकों जैसे कि निर्वाचन अधिकारी, राजनीतिक दल और नागरिक समाज के लिए होगा। यह एकल प्लेटफ़ॉर्म, आयोग के 40 से अधिक मौजूदा मोबाइल और वेब एप्लिकेशन को एकीकृत करेगा।
यह एक आकर्षक यूजर इंटरफेस और सरल यूजर एक्सपीरियंस प्रदान करेगा। जिससे सभी चुनावी गतिविधियां एक ही मंच से पूरी की जा सकेंगी। डाउनलोड करने और अलग-अलग लॉगिन याद रखने की आवश्यकता नहीं होगी। इस मंच की कल्पना मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा मार्च 2025 में आयोजित मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के सम्मेलन के दौरान की गई थी।
जिसमें निर्वाचन आयुक्त डॉ.सुखबीर सिंह संधू और डॉ.विवेक जोशी भी उपस्थित थे।
यह एप उपयोगकर्ताओं को डेस्कटॉप या स्मार्टफोन के माध्यम से चुनावी डेटा तक पहुंच प्रदान करेगा। डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए केवल अधिकृत अधिकारी ही डेटा प्रविष्ट करेंगे। किसी भी विवाद की स्थिति में, वैधानिक प्रपत्रों में दर्ज मूल डेटा को प्राथमिकता दी जाएगी। यह मंच देश के लगभग 100 करोड़ मतदाताओं और 10.5 लाख बूथ स्तर अधिकारियों, 15 लाख राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ स्तर एजेंटों, 45 लाख मतदान अधिकारियों, 15,597 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 4,123 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और 767 जिला निर्वाचन अधिकारियों को लाभान्वित करेगा।