महासमुन्द
योगेश्वर राजू सिन्हा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मई। वक्फ कानून को लेकर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा है कि वक्फ कानून किसी के खिलाफ नहीं है।
यह वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। देशभर में इसके खिलाफ अफवाह फैलाया जा रहा है। लेकिन यह किसी के अधिकारों को कम या खत्म नहीं करता है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधायक श्री सिन्हा ने कहा है कि यह कानून मुसलमानों के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के कामकाज में सुधार, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रबंधन है। अगस्त 2024 में संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में बिल पेश किया था। कमेटी ने 34 बैठकें कीं और कई राज्यों का दौरा किया। कई इस्लामिक विद्वानों और कानून के जानकारों से चर्चा की। जनवरी 2025 में कमेटी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को रिपोर्ट सौंपी। 500 पेज की रिपोर्ट में 14 बदलाव किए गए थे। फिर अप्रैल में यह दोनों सदनों से पारित होकर कानून बन गया।
श्री सिन्हा ने कहा है कि यह कानून वर्षों से चले आ रहे अन्याय और भ्रष्टाचार के युग का अंत किया है और न्याय व समानता के युग की शुरुआत की है। इस विधेयक के माध्यम से वक्फ बोर्ड और वक्फ संपत्तियां अधिक जवाबदेहए पारदर्शी और न्यायसंगत होने वाली हैं। यह बिल करोड़ों लोगों को न्याय देने वाला है। इससे निश्चित ही मुस्लिम समुदाय के गरीबों, महिलाओं और बच्चों को लाभ मिलेगा।