महासमुन्द

समायोजन पर बर्खास्त हुए बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षकों ने जताया शासन का आभार
03-May-2025 8:44 PM
समायोजन पर बर्खास्त हुए बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षकों ने जताया शासन का आभार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

महासमुंद, 3 मई। बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हुए कैबिनेट के बैठक में निर्णय लिया गया कि सीधी भर्ती 2023 में सेवा समाप्त 2621 बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षकों का सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला के पद पर समायोजन होगा। इससे बर्खास्त हुए बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षकों को राहत मिली है। इसी तारतम्य में बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षकों ने शुक्रवार को महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से मुलाकात कर शासन और विधायक का आभार जताया। इस पर विधायक ने उन्हें नए पद के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार किसी भी वर्ग के साथ अन्याय नहीं होने देगी।

मालूम हो कि वर्ष 2023 में हुए भर्ती परीक्षा में बीएड अर्हताधारी अभ्यर्थियों को सहायक शिक्षकों के पद पर पदस्थ किया गया था। कुछ समय बाद सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार बीएड अर्हताधारी अभ्यर्थियों को सहायक शिक्षक के पद से हटाने एवं डीएड अर्हताधारी अभ्यर्थियों को उनके पद पर पदस्थ करने का आदेश आया। इससे बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षकों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद से ही सरकार इन शिक्षकों के लिए समायोजन का रास्ता तलाश रही थी।

इसी बीच जिले के बर्खास्त सहायक शिक्षक विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से मिलने पहुंचे थे।


अन्य पोस्ट