महासमुन्द
बागबाहरा, 3 मई। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं खल्लारी विधानसभा भाजपा प्रत्याशी अल्का चंद्राकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एनडीए सरकार द्वारा देश में जातिगत जनगणना कराए जाने के ऐतिहासिक फैसले का स्वागत करते हुए इसे सामाजिक न्याय की दिशा में मील का पत्थर बताया है । आजादी के बाद से लगातार जातिगत जनगणना कराने की मांग विभिन्न संगठनों द्वारा किया जा रहा था, इस मांग को पूरा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साबित कर दिया है कि समाज के हर वर्ग की चिंता मोदी सरकार करती है ।
श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि जातिगत जनगणना कराने का महत्व केवल राजनीतिक लाभ लेने तक सीमित नहीं है, य़ह निर्णय सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने तथा सबका साथ-सबका विकास सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है। जाति आधारित जनगणना होने से जाति सम्बन्धी सटीक आंकड़ों के आधार पर सरकार को विभिन्न जाति समुह की सामाजिक-आर्थिक स्थितियों की जानकारी मिलेगी तथा उनके उत्थान के लिए योजनाएं बनाने तथा नीतियों का सही क्रियान्वयन करने में मदद मिलेगी। श्रीमती चंद्राकर ने आगे कहा कि जातिगत जनगणना होने से आर्थिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़े हुए विभिन्न जातियों एवं वर्गों को सशक्त बनाने में मदद करेगा तथा वंचितों की प्रगति के नए रास्ते तैयार करेगा। मोदी सरकार का यह अभूतपूर्व निर्णय सामाजिक समरसता बढ़ाएगा ।
जातिगत जनगणना कराने का फैसला आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े जातियों को मुख्य धारा से जोडऩे तथा उन्हें अधिकार प्रदान करने वाला निर्णय साबित होगा ।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्रीमती अल्का चंद्राकर ने कहा कि जातिगत जनगणना कराने के नाम पर कांग्रेस ने हमेशा राजनीति किया है । आजादी के बाद कांग्रेस पार्टी लगभग 50 वर्षों तक देश की सत्ता पर काबिज रहे लेकिन कांग्रेस की तत्कालीन सभी सरकारों द्वारा कभी भी जाति आधारित जनगणना नहीं कराया गया, बस देश की जनता को भ्रमित करने के लिए हमेशा जातिगत जनगणना के मुद्दे को चुनावी हथियार के रूप में इस्तेमाल किया ।