महासमुन्द

साइकिल रैली निकाल पर्यावरण संरक्षण-जल संरक्षण का संदेश
02-May-2025 8:31 PM
साइकिल रैली निकाल पर्यावरण संरक्षण-जल संरक्षण का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 मई। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के 75 वर्ष हीरक जयंती पर गुरुवार को जिला मुख्यालय में जिला व महासमुंद ब्लॉक के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण के संदेश को लेकर साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को पर्यावरण व जल संरक्षण के लिए जागरूक किया गया।

साइकिल संदेश रैली को जिला संघ के जिला मुख्य आयुक्त व छग बीज निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर ने शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्काउट को और उंचाई तक ले जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमें कल के सुनहरे भविष्य के लिए पर्यावरण के प्रति जागरूक होना पड़ेगा।

 वर्तमान में हम पौधरोपन करेंगे तो वहीं कल चलकर वृक्ष बनेंगे। नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने भी स्काउट गाइड को पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण जल को बर्बाद नहीं होने, बचाने के उपायों पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।

उक्त रैली नगरवासियों को पर्यावरण व जल संरक्षण से संबधित नारा लगाते हुए, बैनर तख्ती के साथ कन्या शाला, कांग्रेस भवन, स्वामी चौक, अंबेडकर चौक, बस स्टैंड, बिठोबा टॉकीज, दादा बाड़ा, गांधी चौक, शास्त्री चौक, बीटीआई रोड होते हुए स्काउट गाइड के जिला प्रशिक्षण केन्द्र में समाप्त हुई।

साइकिल रैली में स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश स्कूल नयापारा, श्रीराम पाठशाला, आशीबाई गोलछा के स्काउट्स एंड गाइड ने भाग लिया। इस मौके पर जय पवार, आनंद साहू, अंजली बरमाल, रामकुमार साहू, जागेश्वर, रघुनाथ सिन्हा, हिरेन्द्र साहू, लीनू चन्द्राकर, कौशलेन्द्र वैष्णव, रामकुमार साहू, जागेश्वर सिन्हा मौजूद थे।

इस अवसर पर डीईओ मोहनराव सावंत ने स्काउट गाइड से कहा कि वे अपने घरों के आसपास की महिलाओं को पर्यावरण व जल संरक्षण के लिए प्रेरित करे। स्वच्छता में प्रमुख योगदान महिलाओं का होता है। कचरे को उचित स्थान पर रखने के लिए कहें। पानी की बर्बादी किस प्रकार से रोके इस पर जानकारी देने को कहा गया। उन्होंने कहा कि बच्चों की बात से लोग जल्दी प्रभावित होते हैं।


अन्य पोस्ट