महासमुन्द
त्यौहार का ध्यान नहीं रहा-प्राचार्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 2 मई। परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया के पर्व पर स्थानीय कन्या हाई स्कूल में ही एक विदाई पार्टी के दौरान शराब और बकरा पार्टी देने का मामला सामने आया है। ज्ञात हो कि उक्त कन्या स्कूल में अधिकांश पुरुष शिक्षक है।
सूत्रों के अनुसार इस दिन विद्यालय की एक शिक्षिका और लिपिक का विदाई समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें विद्यालय परिसर में ही बकरा पार्टी और शराब का सेवन किया गया।
पूर्व में एक छात्रा को प्रवेश नहीं देने से आया था चर्चा में
बताया जाता है कि कुछ माह पूर्व ही इस विद्यालय के प्राचार्य द्वारा एक छात्रा को जाति प्रमाण पत्र के अभाव में प्रवेश से वंचित कर दिया था। जिसकी खबर ‘छत्तीसगढ़’ में प्रकाशन के बाद महासमुंद सांसद के हस्तक्षेप के बाद प्रवेश देने पर यह विद्यालय चर्चा में आया था।
बकरा बाहर पकाया गया- प्राचार्य
उक्त मामले में कन्या हाई स्कूल के प्राचार्य आशाराम बरिहा ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि उन्हें त्यौहार का ख्याल नहीं रहा और अनजाने में बकरा पकाया गया, जिसके लिए खेद है। वहीं बकरा स्कूल परिसर में नहीं पकाया गया था। बल्कि बाहर पकाकर स्कूल में लाया गया था।