महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अप्रैल। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य अधिवक्ता दीपिका शोरी कल महासमुंद के दौरे पर रही। उन्होंने जिला अस्पताल व सखी वन स्टाप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक वार्ड में जाकर मरीजों से उनका हाल जाना।
उन्होंने मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इस संबंध में बात की। भोजन के विषय में व अस्पताल के कर्मचारियों के व्यवहार मरीजों के प्रति कैसे हैं, इस विषय पर मरीजों के परिजनों से जानकारी ली। अस्पताल के संयुक्त संचालक डॉ बसन्त महेश्वरी को महिला वार्डों पर सफाई एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया।
जिला अस्पताल के संयुक्त संचालक डॉ. बसन्त महेश्वरी को महिला वार्डों पर सफाई एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने हेतु कहा। डॉक्टर महेश्वरी ने बताया कि, अस्पताल में सफाई कर्मचारी 35 हैं सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता की जाती है 40 महिला एवं पुरुष सुरक्षा कर्मी है जो 24 घण्टे वार्ड की निगरानी करते है। इसके अलावा दीपिका ने अस्पताल प्रबंधन से उनकी समस्याओं को भी पूछा व जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर उसके निदान हेतु चर्चा करने की बात कही। दीपिका शोरी ने जिले के पीडि़त महिलाओं के लिए बनाए गए सखी वन स्टाप सेंटर पहुंचकर पूरे केंद्र का निरीक्षण किया। वहाँ के दस्तावेजों की भी जांच की। सखी सेंटर के प्रभारी को आने वाले दिनों में महिला अपराध संबंधी अधिक से अधिक मामलों को महिला आयोग के प्रदेश कार्यालय रायपुर भेजने हेतु निर्देश भी किया।
मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने महिलाओं को खुलकर महिला आयोग के सामने आकर अपनी समस्यों को बताने की अपील की।