महासमुन्द

ऑटोमेटिक नामांतरण प्रणाली गरीब, किसान, आदिवासियों और आम जनता के लिए एक गंभीर खतरा-द्वारिकाधीश
28-Apr-2025 4:09 PM
ऑटोमेटिक नामांतरण प्रणाली गरीब, किसान, आदिवासियों और आम जनता के लिए एक गंभीर खतरा-द्वारिकाधीश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा हाल ही में लागू की गई भूमि पंजीयन के साथ ऑटोमेटिक नामांतरण प्रणाली को पूर्व संसदीय सचिव एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने गरीब, किसान, आदिवासियों और आम जनता के लिए एक गंभीर खतरा बताया है।

उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी के दावे को खारिज करते हुए कहा कि देश का पहला राज्य कहना सरासर झूठ है। कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में यह प्रणाली पहले से लागू है। रजिस्ट्री और भुइयां सॉफ्टवेयर को लागू करके जनता को राहत दिलाने का प्रयास पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा किया गया है। भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का दावा खोखला है। क्योंकि पटवारी और तहसील स्तर पर नामांतरण प्रक्रिया में बदलाव से सरकारी भूमि का फर्जी रजिस्ट्री कराकर निजी कब्जे बढ़ेंगे। पट्टे की भूमि गैर-ट्रांसफरेबल जमीन भी बेची जा सकती है। आदिवासी भूमि पेसा जमीन पर फर्जी कब्जे बढ़ेंगे। कोटवारी भूमि, ग्राम सेवकों की भूमियों पर अवैध कब्जा बढ़ सकता है। बिना डायवर्शन के किए गए प्लॉटिंग अब रजिस्ट्री से वैध बन जाएंगे। कानूनन गैर-हस्तांतरणीय भूमि का भी स्थानांतरण संभव हो जाएगा। गांव की सामूहिक जमीन भी निजी हाथों में जा सकती है। तय सीमा से अधिक भूमि भी रजिस्ट्री करवाकर कब्जा और भी आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से भू-माफिया, बिल्डर, दलाल को फायदा होगा। वहीं किसान, ग्रामीण, मध्यम वर्गीय नागरिक,  आदिवासी समाज को नुकसान है। सरकार का राजस्व भी प्रभावित होगा। साथ ही भूमि विवाद भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भूमि नामांतरण से पहले तहसील स्तर पर जांच अनिवार्य होनी चाहिए थी। बिना वैकल्पिक जांच व्यवस्था के सीधे नामांतरण व्यवस्था भूमि लूट और अराजकता को जन्म देगी। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी, आदिवासी और प्रतिबंधित जमीनों पर कब्जा संभव हो जाएगा। श्री यादव ने कहा कि पहले फर्जी या अवैध रजिस्ट्री पर तहसीलदार जांच कर नामांतरण रोकते थे। अब जांच अधिकार खत्म कर उप पंजीयक के सीधे आदेश से् नामांतरण होगा। पूरा सिस्टम उप पंजीयक के हाथों में चला गया है न जांच, न अवरोध। तहसीलदारए जो अब तक जमीन विवादों का गेटकीपर थे, उसे बाइपास कर दिया गया है। इससे भ्रष्टाचार खत्म नहीं होगा, बल्कि नई तरह की धोखाधड़ी का रास्ता खुल गया है।
 


अन्य पोस्ट