महासमुन्द

राज्य पेंशनर्स महासंघ के अध्यक्ष बने रिखीराम
27-Apr-2025 3:38 PM
राज्य पेंशनर्स महासंघ के अध्यक्ष बने रिखीराम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अप्रैल।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के प्रमुख अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी के.वर्मा,राष्ट्रीय मंत्री पूरनसिंह पटेल की उपस्थिति और छग प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव की अध्यक्षता में पेंशनर संगठन के महासमुंद जिले में विस्तार और पेंशनरों की समस्याओं के निदान को लेकर जिला पंचायत सभागार में कल पेंशनरों की बैठक हुई। बैठक में कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले की निंदा करते हुए मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने ईश्वर से प्रार्थना की गई। बैठक में शिक्षा विभाग महासमुंद से सेवानिवृत व्याख्याता रिखीराम साहू को भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ जिला महासमुंद का सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया।

बैठक में मुख्य अतिथि बीके वर्मा ने बताया कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ राष्ट्रीय विचार धारा को लेकर पेंशनरों के हित में काम करने वाला आल इंडिया स्तर का एकमात्र संगठन है। जो देश में 22 राज्यों में काम कर रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य में भी सक्रियता के साथ अग्रणी संगठन के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है। उन्होंने बैठक में राज्य सरकार से पेंशनरों और परिवार पेंशनरों के लिए केन्द्र के समान केन्द्र के देय तिथि से एरियर सहित 5 प्रतिशत महंगाई राहत देने की मांग की। 

बैठक में अपना विचार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय मंत्री पूरन सिंह पटेल ने रिटायर और रिटायर होने वाले कर्मचारियों को पेंशन प्रकरण  निराकरण में घूसखोरी से बचने की सलाह देते हुए अपने अधिकारों के लिए सजग रहने आव्हान किया। बैठक में प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने पेंशनरों के महंगाई राहत रोके जाने पर सरकार के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार मध्य प्रदेश राज्य पुर्नगठन अधिनियम 2000 की धारा 49 के नाम पर अन्याय कर रही है।

विधान सभा चुनाव केदौरान मोदी की गारंटी के तहत केंद्र के देय तिथि से डीए, डीआर देने की घोषणा को छत्तीसगढ़ सरकार झूठा साबित करने का काम कर रही है। इसके अलावा पेंशनरों की सारांशीकरण राशि की कटौती की अवधि कम करने, 65 वर्ष की आयु से अतिरिक्त पेंशन देने, दैनिक वेतनभोगी की संपूर्ण सेवाकाल को पेंशन गणना में शामिल करने, रेल यात्रा में छूट को पुन: बहाल करने, पेंशनरों को मृत्यु पर एग्रेसिया देने, पेंशन को आयकर से मुक्त करने, भारत भ्रमण की सुविधा देने, राज्य में बस यात्रा में छूट के आदेश का परिपालन करने, कैशलेश मेडिकल की सुविधा देने आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी देकर पेंशनर हितैषी मांगों पर चर्चा की गई।

 

 

बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पेंशनरों को आठवें वेतनमान में लाभ देने के मामले में 25 मार्च को पारित वित्त विधेयक पेंशन नियम में संशोधन प्रस्ताव का विरोध करने का निर्णय लिया गया।

इस दौरान अनिल गोल्हानी, प्रदेश संगठन मंत्री टीपी सिंह, सेवानिवृत दैनिक वेतन भोगी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनिल पाठक आदि ने भी विचार रखे और पेंशनरों की समस्याओं का समाधान किया।

इस दौरान गणेश राम साहू, रामलाल श्रीवास्तव, ज्ञानसिंह चंदेल, चोवा राम साहू, लोकनाथ यादव, कृष्णकुमार श्रीवास्तव, परशुराम ध्रुव, हरिराम नसीने, कैलाश चंद्र साहू, मन्नूलाल साहू, रामकुमार साहू, रघुनाथ सिन्हा, नरोत्तम साहू, प्रभात पांडे, देवनारायण बिसेन आदि ने भी विचार व्यक्त किये। संचालन और आभार प्रदर्शन नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष रिखीराम साहू द्वारा किया गया। बैठक उपरांत अनेक लोगों भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की आजीवन सदस्यता ग्रहण की।


अन्य पोस्ट