महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 27 अप्रैल। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने हेतु बागबाहरा के अग्रवाल समाज द्वारा एक कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव एवं बागबाहरा विधायक श्री द्वारकाधीश यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा में विधायक श्री यादव ने आतंकवाद पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है। देश की सुरक्षा और अखंडता को चुनौती देने वाली हर ताकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। हमारे वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। पूरा देश शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा है और हम सब मिलकर आतंकवाद और उसके समर्थकों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि, पाकिस्तान जैसे देशों की कायराना हरकतों से भारत डरने वाला नहीं है। हम शांति चाहते हैं, लेकिन अगर कोई हमारी सरहदों को लांघेगा या हमारे जवानों पर कायरतापूर्ण हमला करेगा, तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान पाकिस्तान एवं आतंकवादी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी कीगई। के बाद आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों के चित्र के समक्ष मोमबत्ती जलाकर और पुष्प अर्पित कर उपस्थित जनसमूह ने अपनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर अग्रवाल समाज के सभी पदाधिकारी, सदस्यगण, नगर के गणमान्य नागरिकगण , व्यापारी बंधु तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।
सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि आतंकवाद के विरुद्ध देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।