महासमुन्द

भारतमाला मुआवजा घोटाला के आरोपी रायपुर निवासी हरमीत के भाई के घर महासमुंद पहुंची ईओडब्ल्यू की टीम
26-Apr-2025 4:48 PM
भारतमाला मुआवजा घोटाला के आरोपी रायपुर निवासी हरमीत  के भाई के घर महासमुंद पहुंची ईओडब्ल्यू की टीम

जमीनों की रजिस्ट्री के कागजात, पुराने दस्तावेज साथ ले गए, हरजीत का बयान भी रिकॉर्ड किया

स्टेशन रोड स्थित एक निजी बैंक में भी एक टीम ने छानबीन की 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अप्रैल।
भारत माला प्रोजेक्ट के तहत निर्माणाधीन रायपुर-विशाखापटनम-सडक़ मार्ग के लिए अधिग्रहित जमीन घोटाले को लेकर आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ईओडब्ल्यू ने कल इस घोटाले के आरोपी रायपुर निवासी हरमीत सिंह खनूजा के भाई हरजीत सिंह के महासमुंद पहुंची। यहां स्टेशन के समीप रामेश्वरी दुर्गा मंदिर परिसर में स्थित मकान पर रेड की और यहां से वे जमीनों की रजिस्ट्री के कागजात, पुराने दस्तावेज साथ ले गए। उन्होंने हरजीत सिंह का बयान भी रिकार्ड किया। स्टेशन रोड स्थित एक निजी बैंक में भी एक टीम ने छानबीन की है।

मालूम हो कि इस सडक़ के लिए कृषकों की जमीन अधिग्रहण स्कैम में ईओडब्ल्यू भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के मामले में दर्ज हैं। लिहाजा टीम ने 12 घंटे उनके घर में छानबीन की। जमीन रजिस्ट्री के कागजात आरै बयान भी साथ लेकर गये। जानकारी अनुसार इस मामले में एफआईआर के बाद गहन जांच जारी है। इस मामले में पहले ही अभनपुर के तत्कालीन एसडीएम निर्भय कुमार साहू समेत अनेक अधिकारी, कुछ पटवारी निलंबित किए गए थे। जांच के दायरे में कई बड़े जमीन कारोबारी और ठेकेदार भी हैं। इनमें से एक बड़े जमीन कारोबारी हरमीत सिंह खनूजा का नाम भी सुर्खियों में है। हरमीत पहले स्टेशन के समीप परिवार के साथ रहता था और जमीन कारोबार से जुड़ा था। बाद में वह रायपुर शिफ्ट हो गया। लेकिन यहां आना-जाना लगा रहता है। यहां उनका भाई हरजीत सिंह खनूजा अपने परिवार के साथ रहते हैं।

कल सुबह ईओडब्ल्यू ने रायपुर, दुर्ग के अलावा महासमुंद में भी रेड की। रायपुर में हरमीत सिंह खनूजा ठेकेदार के घर के साथ-साथ महासमुंद में उनके भाई हरजीत सिंह खनूजा के स्टेशन के समीप निवास पर भी रेड की। सुबह करीब 6.30 बजे कुछ वाहनों से ईओडब्ल्यू की टीम उनके निवास पर पहुंची। हरजीत सिंह बिरकोनी में स्थित अपने ढाबे पर रात रुकते हैं। माताजी ने उन्हें फोन पर इसकी सूचना दी। सूत्रों ने बताया कि हरजीत सिंह के पहुंचने के बाद टीम ने पूछताछ और जांच शुरू की। जमीनों की खरीदी-बिक्री को लेकर उन्होंने सवाल किए। इस दौरान टीम जमीनों के रजिस्ट्री के कागजातों की फ ोटो कॉपी, पुराने दस्तावेज जब्त कर साथ ले गई। टीम सुबह 6.30 बजे से शाम 6 बजे तक उनके निवास में छानबीन करती रही। ईओडब्ल्यू ने इस मामले में धारा 7 सी भ्रष्टाचार निवारण, समेत बीएनएस की धारा 420, 467, 468, 471, 120 बी के तहत भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध किया है।


 

हरमीत सिंह खनूजा ठेकेदार पर अभनपुर तहसील क्षेत्र में उक्त सडक़ निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीनों के कई टुकड़े कर सरकार से करोड़ों रूपए ज्यादा मुआवजा लेकर शासन को चूना लगाने का आरोप है। मामले में महासमुंद का लिंक तब सामने आया जब मुआवजा लेने वाले किसानों के बैंक खाते अभनपुर से करीब 50-60 किमी दूर महासमुंद के एक निजी बैंक में खोले जाने का खुलासा हुआ। तभी यह सवाल भी आया कि अभनपुर के किसानों का खाता मुआवजा लेने के लिए महासमुंद के बैंक में खुलाने की क्या जरूरत पड़ी? अभनपुर, रायपुर, राजिम में भी खाता खुलवाया जा सकता था। या उनके पुराने खाते में भी मुआवजा राशि अंतरित हो सकती थी। तब यह तथ्य भी सामने आया कि इस स्कैम में महासमुंद का लिंक जुड़ा है। इसके साथ परतें खुलतीं चली गई और हरमीत सिंह को आरोपी बनाया गया। मामले के एक और मुख्य आरोपी अभनपुर के तत्कालीन एसडीएम निर्भय कुमार साहू, 2 साल पूर्व महासमुंद में अतिरिक्त जिलाधीश थे।


अन्य पोस्ट