महासमुन्द

आधार, आरसी बुक में नाम-सरनेम अलग, एचएसएनपी बनाने हो रही परेशानी: मोबाइल नंबर-आधार भी मैच नहीं हो रहे
26-Apr-2025 3:53 PM
आधार, आरसी बुक में नाम-सरनेम अलग, एचएसएनपी बनाने हो रही परेशानी: मोबाइल नंबर-आधार भी मैच नहीं हो रहे

अनेक लोगों ने नहीं कराया है आधार अपडेट, अब यह नहीं लगाया तो कार्रवाई होगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,26अप्रैल। वााहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बदलवाने की प्रकिया में आधार कार्ड और मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने से लोग परेशान हो रहे हैं। क्योंकि साल 2019 से पहले वाहन रजिस्ट्रेशन का काम मैनुअल रूप से होता रहा है। ऐसे में अधिकांश आरसी बुक में मोबाइल नंबर और आधार नंबर अपेडट नहीं है। कई मोबाइल नंबर बदल चुके हैं तो कईयों में आधार और आरसी बुक में नाम और सरनेम अल-अलग अंकित है।

               ऐसे में ऑनलाइन प्रोसेस के दौरान मिलान नहीं हो रहा है। इसके चलते वाहन मालिक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगवा पा रहे हैं और आरटीओ विभाग का चक्कर लगाने मजबूर हो रहे हैं। यही वजह है कि दो माह बाद भी अब तक जिले में महज 8969 वाहनों में ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लग पाया है। जबकि जिले में 1 अप्रैल 2019 से पहले रजिस्टर्ड वाहनों की संख्या 3 लाख से अधिक है। दरअसल वाहन खरीदते समय लोगों ने जिस मोबाइल नंबर से पंजीयन करवाया था,उसमें आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों में मोबाइल नंबर नहीं है। इसकी वजह से आरसी और आधार कार्ड के नंबरों में भिन्नता है। ऐसे में पहले वाहन मालिकों को मोबाइल नंबर अपडेट कराना पड़ेगा। इसके बाद ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जनरेट हो पाएगा।

 

इसे लेकर आरटीओ दफ्तरों में रोज लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए जिला परिवहन कार्यालय में तीन कर्मचारियों को इस काम के लिए अधिकृत कर दिया गया है। जबकि वाहनों की संख्या इतनी अधिक है कि हजारों वाहन मालिकों के पास यही दिक्कतें हैं।  जिन वाहन मालिकों के साथ मोबाइल नंबर अपडेट होने में समस्या या आ रही है, और नाम तथा आधार मिसमैच होने की दिक्कतें आ रही है तो वे आरटीओ कार्यालय में आकर अपडेट करा सकते हैं। वाहन मालिकों से अपील की जा रही है कि शासन द्वारा एक अधिकृत पंजीकरण पोर्टल जारी किया गया है। उस साइट में जाकर अपनी सभी आवश्यक विवरण जैसे वाहन नंबर, चेचिस नंबर, इंजन नंबर, पता, संपर्क सूत्र और फ्यूल ऑपशन आदि भरेंगे। इसमें निजी और कामर्शियल ऑप्शन दिया होगा। उसे भरने के बाद मोबाइल पर यूजर नेम और पासवर्ड मिलेगा। भुगतान करने के लिए यूजरनेम और पासवर्ड का उपयोग कर लॉगिन करें। तुरंत एक रसीद मिलेगी। जैसे ही वाहन का हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट तैयार हो जाएगी, मोबाइल पर उसका मैसेज आ जाएगा। इसके बाद अधीकृत डीलर के पास जाकर उसे लगवा सकेंगे। मालूम हो कि 1 अप्रैल 2019 के बाद जो भी वाहन खरीदे गए हैं। उसमें कंपनी ने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगा कर दिया है। इसके पूर्व का जिसके पास वाहन है, उनके लिए फीस निर्धारित की गई है। इसके लिए दो ही अधिकृत वंडर है। इसके बाद वााहन में सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगेगा। कस्टमर की सहुलियत के मुताबिक वेंडर घर पहुंच सेवा भी देगा। लेकिन उसके लिए निर्धारित शुल्क से 100 रुपए अधिक देना होगा। इधर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगाने की स्थिति में वाहन मालिकों को कार्रवाई की चिंता सता रही है। अप्रैल माह के बाद ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।


अन्य पोस्ट