महासमुन्द

सरकारी जमीन गड़बड़ी मामले में जिस पटवारी पर आरोप, वो ही जांच समिति में शामिल
25-Apr-2025 4:36 PM
सरकारी जमीन गड़बड़ी मामले में जिस पटवारी पर आरोप, वो ही जांच समिति में शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अप्रैल।
महासमुंद में शासकीय जमीन खरीदी-फरोख्त मामले में नया मोड़ आया है। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने दो शिक्षाकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मामला वन विद्यालय के लिए आरक्षित भूमि का है। खसरा नंबर 102-4 के बजाय 102-5 की जमीन को जमीन दलाल, पटवारी और शिक्षाकर्मियों ने मिलकर 40 लाख रुपए में खरीदा। यह सौदा 100-100 रुपए के स्टाम्प पेपर पर नोटरी से कराया गया।

इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी मोहन राव सावंत ने मोंगरापाली के प्रभारी प्राचार्य विकास साहू और साराडीह प्राथमिक शाला की शिक्षिका भारती चंद्राकर को नोटिस जारी किया है। उन्हें तीन दिन में जवाब देने को कहा गया है। लेकिन राजस्व विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने पांच सदस्यीय जांच समिति बनाई है। इसमें पटवारी खम्मनलाल साहू को भी शामिल किया गया है और इन्हीं पर जमीन का नजरी नक्शा बनाकर देने का आरोप है।

राजस्व विभाग ने अभी तक दोनों पटवारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की है। उल्टे जिस पटवारी पर जांच होनी चाहिए, उसे ही जांच समिति में रख दिया है। इस कारण जांच की निष्पक्षता पर अब सवाल उठने लगे हैं।


अन्य पोस्ट