महासमुन्द

तेंदुआ-बायसन को करंट से मारा, 2 शिकारी गिरफ्तार
24-Apr-2025 4:22 PM
तेंदुआ-बायसन को करंट से मारा, 2 शिकारी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 24 अप्रैल।
बागबाहरा परिक्षेत्र के खल्लारी जंगल में तेंदुए और बायसन को करंट के फंदे से मारने वाले दो शिकारी को कल वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया, वहीं एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। आरोपियों के कब्जे से शिकार में प्रयुक्त तार एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।

ज्ञात हो कि 21 अप्रैल सोमवार को बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के खल्लारी सर्किल के संरक्षित वन के कक्ष क्रमांक 182 में एक नर तेंदुआ और एक नर बायसन की शिकारियों द्वारा बिजली के तार बिछाए जाने पर करंट से मौत हो गई थी। 

घटना के बाद वन विभाग टीम द्वारा जांच पड़ताल एवं पतासाजी करने के बाद आरोपी मुकेश रावत खल्लारी एवं मनोहर यादव ओंकारबंद को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने तेन्दुआ और बायसन के मारे जाने के पूर्व एक जंगली सुअर का भी शिकार कर उसे पकाकर खा गए थे, परन्तु उन्होंने मौके से करंट युक्त तार नहीं निकाली थी, जिसकी चपेट में आकर तेंदुआ एवं बायसन भी मारे गए थे।

 

आरोपियों से शिकार में प्रयुक्त सामग्री जब्त
वन विभाग ने दोनों आरोपियों के पास से बिजली के तार, जंगली सुअर का पका मांस, कांच की शीशी, कुल्हाड़ी, लकड़ी की खूंटी, साही जानवर का पंख, खरगोश एवं पक्षी का फंदा बरामद हुआ है। बागबाहरा वनपरिक्षेत्र अधिकारी लोकनाथ ध्रुव ने बताया कि आरोपियों पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट