महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,21अप्रैल। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण विशेष पखवाड़ा मोर दुआर साय सरकार अभियान के तहत कल जनपद पंचायत पिथौरा की ग्राम पंचायत सांकरा एवं जनपद पंचायत सरायपाली की ग्राम पंचायत मोहदा में सर्वेक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम घृतलहरे ने सर्वे कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने तीनों हितग्राही गमता योगेंद्र सिदार, रामबाई गजेंद्र सिदार तथा चंद्रकांति कन्हैयालाल सिदार के घरों में जाकर मोबाइल एप के माध्यम से उनकी संपूर्ण जानकारी दर्ज की एवं संबंधित फोटोग्राफ्स लेकर सर्वे प्रक्रिया को पूर्ण किया।
इस अवसर पर जनपद सदस्य पुरुषोत्तम घृतलहरे, कमलजीत सिंह छाबड़ा, ग्राम पंचायत सांकरा के सरपंच सतपाल सिंह छाबड़ा, जनपद सीईओ सीपी मनहर, आवास एंबेसडर एवं अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे।