महासमुन्द

सुशासन तिहार में जनता से सरोकार के लिए मातहतों के साथ गांवों में घरों तक पहुंच रहे कलेक्टर
20-Apr-2025 3:12 PM
 सुशासन तिहार में जनता से सरोकार के लिए मातहतों के साथ गांवों में घरों तक पहुंच रहे कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अप्रैल।
महासमुंद जिले में सुशासन तिहार में अफसरों का मैदानी इलाके में जाकर जनता से सरोकार गम्भीरता से हो रहा है। घंटे-दो घंटे, दिन भर, चौबीस घंटों के भीतर लोगों की समस्याओं का निराकरण हो रहा है। अपने अधीनस्थों के साथ जिले के कलेक्टर विनय कुमार लंगेह खुद ही लोगों के घरों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। जिलाधीश अपने मातहतों को आदेश दे रहे हैं कि तत्काल ही लोगों की समस्याओं का समाधान हो और लोगों तक सरकार की योजनाएं पहुंचे। गौरतलब है कि इनसे पहले जिले में स्वछता मिशन को साकार करने कलेक्टर उमेश अग्रवाल भी गांवों में लोगों के घरों तक पहुंचकर उनसे हाथ जोडक़र विनेदन करते थे कि अपने घरों में शौचालय बनवा लें। आज की स्थिति यह है कि जिले के नब्बे फीसदी घरों में शौचालय है। 

इस बार प्रशासनिक अमले के घरों तक पहुंचते ही नोनी सशक्तिकरण, किसान सम्मान निधि जैसे तमाम योजनाओं पर कतार में  आखरी खड़े जरूरतमंदों तक पहुंच रही है। एक आवेदक का चौबीस घंटे के भीतर आयुष्मान कार्ड बन गया। एक शिविर में महासमुंद के वार्ड नं. 25 कुम्हार पारा की रहने वाली कु. दीपा साहू ने मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत आवेदन किया। आवेदन क्रमांक 25270180824120 के माध्यम से उनकी पात्रता की जांच की गई और वे इस योजना के लिए पात्र पाई गईं। श्रम पदाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही इस विशेष योजना के अंतर्गत दीपा को 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। जो 01 मई 2025 को सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी। इस सहायता से अब दीपा अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख पाएंगी। उनका सपना है कि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और भविष्य में एक प्रेरणादायक शिक्षिका बनें ताकि वे और भी बेटियों को शिक्षा के महत्व से जोड़ सकें।

आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने प्रदेश के लाखों नागरिकों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए हैं। लेकिन छूटे हुए हितग्राहियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर लेकर आया है। सुशासन तिहार में अनेक हितग्राहियों ने आयुष्मान कार्ड दिलाने आवेदन दिए। इस अभियान के अंतर्गत महासमुंद जिले में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। ग्राम पंचायत जंघोरा, विकासखंड पिथौरा निवासी मनोहर सिंह पटेल ने आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया था। पूर्व में किसी तकनीकी कारणवश उनका कार्ड नहीं बन पाया था। जिससे वे योजना का लाभ नहीं ले पा रहे थे। कलेक्टर विनय लंगेह के मार्गदर्शन में सुशासन तिहार के तहत प्रस्तुत उनके आवेदन को गंभीरता से लिया गया और मात्र 24 घंटे के भीतर समाधान कर दिया गया। कार्यालय खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा द्वारा 15 अप्रैल 2025 को सूचना दी गई कि उनका आयुष्मान कार्ड बनकर तैयार हो गया है और अगले ही दिन 16 अप्रैल को उन्हें कार्ड प्रदान कर दिया गया।

इसी तरह महतारी वंदन योजना मुख्यमंत्री की एक संवेदनशील पहल है। जिसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत महिलाओं को एक हजार रुपए प्रतिमाह की सहायता राशि दी जा रही है जिससे वे पोषण और स्वास्थ्य की आवश्यकताओं को पूरा कर सकें। सुशासन तिहार में आवेदनों के निराकरण की एक कहानी सरायपाली विकासखण्ड के ग्राम पंचायत राफेल निवासी आसनी निषाद की भी है। उनके द्वारा महतारी वंदन योजना अंतर्गत एक भी किस्त की राशि नहीं मिलने संबंधी शिकायत सुशासन शिविर में किया गया। निराकरण के दौरान परियोजना स्तर पर इसका जांच करने में यह पाया गया कि आसनी निषाद का आधार इनएक्टिव हैं। जिस कारण इनका भुगतान कैंसल हो जाता है। आवेदिका आसनी निषाद को अपना आधार अपडेट करवाकर पुन: डीबीटी करवाने की सलाह दिया गया। उनसे समन्वय कर उनकी समस्या का निराकरण किया गया।

सुशासन तिहार में अपने बैंक खाता चेक करने से ज्ञात हुआ कि राशि खाते में पहले से ही आ रही है। जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि अंतर्गत बागबाहरा विकासखण्ड के ग्राम सिमगांव की हितग्राही उषा बाई चौहान ने राशि नहीं मिलने की शिकायत की थी। कृषि विभाग द्वारा बैंक में जाकर आधार अपडेट और बैंक खाता स्टेटमेंट निकालने मदद की गई। बैंक खाते विवरण से ज्ञात हुआ कि उन्हें इस योजना के तहत इंडियन पोस्ट ऑफिस के खाते में 18 किस्त की राशि जमा हो गया है। इसी तरह अंचल के 6 किसानों ने भी शिकायत की थी। जिसका निराकरण दूसरे ही दिन किया गया।

 

 

इस तरह महासमुंद जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में आवेदनों की त्वरित निराकरण की पहल की गई है। जिले में सुशासन तिहार सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों और योजनाओं की व्यापक सफलता का प्रतीक बन चुका है। इस तिहार का उद्देश्य आम जनता तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना और उन्हें सशक्त बनाना है। वास्तव में जनता से सरोकार और संवाद करने वाली सरकार जनता की हितों के लिए उनके द्वारा दिए गए आवेदनों का गम्भीरता से निराकरण कर रही है। 

जानकारी मिली है कि पिथौरा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत अमलीडीह के आश्रित ग्राम पतेरापाली निवासी युगेश्वरी ध्रुव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्के मकान के लिए सुशासन तिहार के दौरान आवेदन प्रस्तुत किया। उनकी इस आवश्यक मांग को प्रशासन ने प्राथमिकता से संज्ञान में लिया। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मोर द्वार साय सरकार अभियान के तहत टीम तुरंत उनके घर पहुंची। त्वरित सर्वेक्षण के बाद यह स्पष्ट हुआ कि वे योजना की पात्र हैं। उनका नाम आवास प्लस सर्वे 2.0 में दर्ज कर लिया गया। वर्षों से एक पक्के घर का सपना संजोए बैठी श्रीमती ध्रुव की आंखों में अब उम्मीद की चमक है। वह सपना जो कभी दूर और धुंधला लगता था। अब सरकार की पहल से एक नई सुबह की तरह उनके जीवन में उजाला भरने को तैयार है। अब वह दिन दूर नहीं जब उनका आशियाना केवल एक कल्पना नहीं रहेगी।


अन्य पोस्ट