महासमुन्द
चीतल की मौत की खबर सबसे पहले ‘छत्तीसगढ़’ में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 20 अप्रैल। क्षेत्र के टिकरापारा जंगल में लगी आग से जलकर मरे एक चीतल की मौत को छिपाने वन विभाग ने मौके पर ही मृत नर चीतल को जला दिया। जबकि वन एसडीओ यू आर बसन्त ने उक्त चीतल की मौत का कारण हिंसक वन्य प्राणी का हमला बताते हुए कहा कि, ऐसी स्थिति में मृत प्राणी को जलाया या दफनाया नहीं जाता बल्कि उसे उसी हिंसक वन्य प्राणी के भोजन के लिए छोड़ दिया जाता है। उक्त मामले में भी चीतल को मृत अवस्था में ही घटनास्थल पर ही छोड़ दिया गया है, परन्तु शाम को एसडीओ द्वारा दिये गए बयान कि मीडिया को पता चल गया था, इसलिए मृत चीतल को जला दिया गया। एसडीओ के इस बयान ने वन विभाग की जंगली कार्यशैली सामने ला दी है।
ज्ञात हो कि चीतल की मौत की खबर सबसे पहले ‘छत्तीसगढ़’ में प्रकाशित हुई थी।
पिथौरा में विवादित डिप्टी रेंजर को रेंजर का प्रभार देते ही लगातार वन घटनाओं में तेजी आ गयी है। प्रभार के बाद अमोडीडीह, गिरना एवं टिकरापारा के सैकड़ों हेक्टेयर के जंगल अग्निकांड के शिकार हो गए। यहां के हालात ऐसे है कि जंगल मे सभी ओर जमीन पर राख ही राख नजर आ रही है।
ग्रामीण सूत्र बताते है कि जंगल में लगी आग की तपिश में चीतल की मौत हो गई होगी। अचानक लगी आग को बुझाने के प्रयास करने की बजाय प्रभारी रेंजर अपने वन रक्षक को क्षेत्र के डिप्टी रेंजर से शिकायत करने की सलाह देते रहे, दूसरी ओर अग्नि का तांडव लगातार बढ़ रहा था।
इस बीच गिरना चौक से टिकरापारा मार्ग पर पडऩे वाले घने जंगल मे भी आग पसर चुकी थी, लिहाजा इस जंगल मे भारी गर्मी के कारण पेड़ों की छांव तलाश रहे चीतल भी गर्मी में और आग की तपिश बर्दाश्त नहीं कर पाए और वन्य प्राणियों में भगदड़ की स्थिति बन गयी थी। इस बीच एक नर चीतल भी मारा गया। चीतल की मौत की ख़बर वन विभाग द्वारा मीडिया से छुपाने के प्रयास करते रहे, परन्तु ग्रामीण मीडिया कर्मियों की नजरों से उक्त घटना बच नहीं पाई।
घटना की जानकारी मीडिया तक पहुंचते ही अफसर अपने मातहतों एवं स्वयं को बचाने जुट गए। जिसके तहत पशु चिकित्सक को बुला कर मृत चीतल का पोस्टमार्टम करवा दिया गया।
स्थानीय एसडीओ श्री बसन्त के अनुसार चूंकि उक्त चीतल की मौत हिंसक वन्य प्राणी ने अपने भोजन के लिए की है लिहाजा उसे जस का तस यथास्थिति में मौके पर ही छोड़ दिया गया है जिससे हिंसक प्राणी उसे अपना भोजन बना सके।
एसडीओ के बयान के विपरीत चीतल जला दिया गया
एसडीओ के बयान के बाद कुछ मीडिया कर्मियों ने पुन: चीतल का शव देखने मौके पर पहुंचे। परन्तु वहां एसडीओ के बयान के विपरीत चीतल को जला दिया गया था। चीतल के जले अवशेष अभी भी मौके पर पड़े हैं।
इस सम्बंध में स्थानीय वन एसडीओ ने पत्रकारों के समक्ष एक हास्यास्पद बयान देते हुए कहा कि चीतल मामले की जानकारी पत्रकारों को हो गयी थी जिससे उक्त खबर वायरल हो रही थी, इसलिए उसे नियम विरुद्ध ही जला दिया गया।
यहां गौर करने वाली बात यह है कि वन अफसरों को पता था कि नियमानुसार चीतल को शिकार के लिए यथास्थिति में छोड़ा जाना था, परन्तु मात्र मीडिया को घटना की जानकारी होने के कारण उसे नियमविरुद्ध जला दिया गया।
विभाग के निवेदन परपोस्टमार्टम—पटेल
इधर, चीतल का पोस्टमार्टम करने वाले पशु चिकित्सक डी एन पटेल ने ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता को बताया कि चीतल के शरीर पर बुरी तरह कीड़े पड़ गए थे जिससे दुर्गंध उठ रही थी। प्रथम दृष्टया चीतल की मौत किसी हिंसक वन प्राणी के हमले से होनी प्रतीत हुई। क्योंकि चीतल की गर्दन के पास भी चोट के निशान हैं।
डॉ पटेल के अनुसार उन्होंने बताया कि वन्य प्राणी हमले से मौत होने की पुष्टि के बाद पोस्टमार्टम की आवश्यकता नही है बल्कि बगैर चीडफ़ाड़ के ही मृत प्राणी को मौके पर छोडऩे के नियम है। परन्तु विभागीय अनुरोध पर उन्होंने पोस्टमार्टम भी किया।