महासमुन्द
नदी के भीतर अनेक स्थानों पर बनाये गए हैं रैंप
रैंप के जरिये ही नदी में उतर रहे भारी-भरकम वाहन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 अप्रैल। प्रशासन और तमाम नियमों को जेब में रखकर अवैध रेत उत्खनन के लिए इन दिनों महानदी के भीतर चैन माउंटेन मशीनें, जेसीबी और सैकड़ों की संख्या में बड़े-बड़े डम्पर और टूकें उतारी जा रही है। नदी के भीतर अनेक स्थानों पर रेत माफिया द्वारा निर्मित रैंप से इन भारी भरकम वाहनों को नदी के भीतर जाने और चोर रास्तों से निकलने में आसानी होती है। अधिकारी कहते हैं कि रैंप को ध्वस्त किए बिना अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगा पाना मुश्किल है। बावजूद इसके छिटपुट प्रशासनिक कार्रवाई के बाद महानदी से रेत के अवैध खनन पर रोक नहीं लग पा रही है।
इतना ही नहीं अब तो अवैध रेत उत्खनन से मिलने वाली मोटी रकम के बंटवारे के लिए लड़ाई-झगड़े और मारपीट तक की नौबत आ रही है। समाचार प्रकारशन के बाद दो स्थानों पर रैंप ध्वस्त किए गए हैं। लेकिनए खमतराई रेत घाट का रैप ध्वस्त नहीं किए जाने से खमतराई, सेनकपाट, मोहकम, पीढ़ी, गढ़सिवनी, अछोला, अछोली,मुढेना, नांदगांव, चिंगरौद, बम्हनी रेत घाटों से माफिया रोजाना सैकड़ों ट्रकों में रेत निकाल कर प्रदेश के अनेक शहरों तक पहुंचा रहे हैं।
रेत खनन और परिवहन में लगे ट्रकों का प्रवेश महासमुंद से और निकासी आरंग की ओर से होती है। खाली ट्रकें रेत लेने के लिए नदी पुल से होकर उक्त अवैध खदानों तक पहुंचती हैं और नदी में प्रवेश करने के बाद रेत लोड कर अलग-अलग रैंप से होकर आरंग के तटीय रास्तों पर पहुंचकर रायपुर जिले में प्रवेश कर जाती है। मोहकम, गढ़सिवनी घाट में अवैध उत्खनन के बाद ट्रकें रेत लेकर आरंग के कांगदेही रास्ते से चोरी-छिपे निकल रही हैं। ट्रकों की फेरियां बढ़ाने रात-दिन रेत का खनन जारीहै। मानसूम से पूर्व ज्यादा से ज्यादा रेत खनन करने के लिए माफियों ने अपने सारे संसाधन यह झोंक रखे हैं। कई चैन माउंटेड, मशीने जेसीबी के अलावा सैकड़ों डम्पर व ट्रक को दिन तो दिन रात भर नदी के भी अवैध उत्खनन और परिवहन करते देखा जा रहा है।
रेत खनन से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि अवैध रेत खनन से परिवहन रोकने के लिए नदी के भीत बाहर निकलने के लिए बनाए गए रैम्प को ध्वस्त करना होगा। साथ ही ट्रकों, मशीनों को नदी में उतरने और नदी से बाहर जाने वाले ज्ञात अज्ञात रास्तों पर बेरिकेडिंग करना होगा, ताकि नदी के भीतर ये मशीनें और ट्रकें प्रवेश ही नहीं कर सके।