महासमुन्द

सीजीपीएससी 2022 घोटाले का केंद्र बारनवापारा का पर्यटक ग्राम !
19-Apr-2025 1:05 PM
सीजीपीएससी 2022 घोटाले का केंद्र बारनवापारा का पर्यटक ग्राम !

सीबीआई ने घोटाले के समय पर्यटक ग्राम में रुके पर्यटकों की सूची मंगाई

रजिन्दर खनूजा

पिथौरा, 19 अप्रैल (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता )। प्रदेश में अब तक हुए घोटालों में सबसे बड़ा छत्तीसगढ़ राज्य सेवा परीक्षा 2022 के घोटाले की पटकथा क्षेत्र के प्रसिद्ध बार अभ्यारण्य के पर्यटक ग्राम में लिखी गयी। यह जानकारी सीबीआई जांच में सामने आई है।

बताया जाता है कि बार के वन अधिकारियों ने पर्यटक ग्राम में घोटाले की अवधि में ठहरे पर्यटकों की सूची सीबीआई को दे दी है।
प्रदेश के अब तक के सबसे बड़ा घोटाला सीजी पीएससी घोटाला माना जाता है। इसमें परीक्षा परिणाम में आश्चर्यजनक रूप से अफसरों एवं नेताओं के परिवार के बच्चों का चयन उच्च पदों पर हुआ था। जिसकी शिकायत भी अभ्यर्थियों द्वारा की जा रही थी। 

विगत विधानसभा चुनाव में तत्कालीन कांग्रेस सरकार बदल गई और भाजपा की सरकार बनी थी। चुनावी घोषणा पत्र में भाजपा द्वारा पीएससी घोटाले की सीबीआई जांच को भी मुद्दा बनाया गया था। भाजपा सरकार बनते ही सरकार ने पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी।

सूत्र बताते है कि जांच के दौरान ही पता चला कि घोटाले की पटकथा राजधानी से कोई सवा सौ किलोमीटर दूर घने जंगल के बीच स्थित पर्यटक ग्राम के एक कमरे में लिखी गयी थी। यही एक कमरे में ही पूरी साजिश की गई और उसे कैसे अमलीजामा पहनाना है इसकी योजना बनी।
 
35 अभ्यर्थियों को प्रश्नों के उत्तर रटाये गए !

सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार 11 से 24 मई 2022 के बीच उक्त पर्यटक ग्राम में 35 अभ्यर्थियों को ठहराया गया था। बुकिंग राहुल हरपाल नामक व्यक्ति ने की थी। इन अभ्यर्थियों को राज्य सेवा परीक्षा का असली प्रश्नपत्र दिया गया और कमरों में ही परीक्षा हल करने और अभ्यास करवाने की व्यवस्था की गई। बताया जा रहा है कि इन 14 दिनों में एक सुनियोजित प्रशिक्षण योजना के तहत परीक्षा के सवाल-जवाब अभ्यर्थियों को समझाए एवम रटाये गए ताकि वे परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त कर सकें।

 

वन परिक्षेत्र अधिकारी ने सीबीआई को दी नामों की सूची

अभ्यारण्य सूत्रों के अनुसार बारनवापारा के वन परिक्षेत्र अधिकारी सुनील खोबरागड़े द्वारा सीबीआई को 5 - 6 महीने पहले ही उक्त पर्यटक ग्राम में ठहरने वाले सभी लोगों की सूची सौंप दी गई थी। इसमें नाम, पहचान और ठहराव की तिथियों की पूरी जानकारी उपलब्ध है।

बहरहाल,  राज्य में उच्च प्रशासनिक पदों हेतु राज्य सेवा परीक्षा आयोजित की जाती है।यह परीक्षा छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए आशा और आत्मनिर्भरता का प्रतीक मानी जाती है। 
इस परीक्षा में भ्रष्टाचार की पुष्टि होने से उन हजारों-लाखों अभ्यर्थियों की उम्मीदों पर गहरा आघात पहुँचा है, जो सालों तक कठिन परिश्रम और संघर्ष करते हैं। अब राज्य की निगाहें सीबीआई जांच और न्यायिक कार्रवाई पर टिकी है।


अन्य पोस्ट