महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 अप्रैल। भर्ती घोटाला केस में सीबीआई की टीम ने बुधवार को रायपुर के अलावा महासमुंद अभ्यारण के गेस्ट हाउस, सरकारी डॉक्टर के घर, निजी होटल और कोचिंग इंस्टीट्यूट पर कार्रवाई की गई। चर्चा है कि इस छापेमारी में कई ऐसे क्लू मिले हैं, जिससे सिंडीकेट से जुड़े लोगों का खुलासा हो सकता है और उनकी भी जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।
जानकारी के मुताबिक, घोटाले में कई बड़े लोग भी शामिल हैं, जो छात्रों के सिलेक्शन को लेकर दलाली का काम करते थे। सीबीआई की टीम उन तक पहुंच गई है। इस रेड के बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि सीबीआई की टीम जल्द नई गिरफ्तारी करेगी।
ज्ञात हो कि सीजीपीएससी घोटाला मामले में सीबीआई ने पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, नितेश सोनवानी और पूर्व डिप्टी एग्जाम कंट्रोलर ललित गनवीर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने अपने कई करीबी रिश्तेदारों और कांग्रेस नेताओं के अलावा अधिकारियों के 18 रिश्तेदारों की नौकरी लगवाई है। जांच में पैसों के लेन-देन के पुख्ता सबूत मिले हैं।
सीजीपीएससी 2019 से 2022 तक की भर्ती में कुछ अभ्यर्थियों के चयन को लेकर विवाद है। ईओडब्लू और अर्जुदा पुलिस ने भ्रष्टाचार.अनियमितता के आरोप में केस दर्ज किया है। पीएससी ने 2020 में 175 पदों पर और 2021 में 171 पदों पर परीक्षा ली थी। इन्हीं भर्तियों को लेकर ज्यादा विवाद है। आरोप है कि तत्कालीन चेयरमैन सोनवानी ने अपने रिश्तेदारों समेत कांग्रेसी नेता और ब्यूरोक्रेट्स के बच्चों की नौकरी लगवाई है। सीजीपीएससी परीक्षा 2021 कुल 171 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। प्री.एग्जाम 13 फरवरी 2022 को कराया गया। इसमें 2 हजार 565 पास हुए थे। इसके बाद 26, 27, 28 और 29 मई 2022 को हुई मेंस परीक्षा में 509 अभ्यर्थी पास हुए। इंटरव्यू के बाद 11 मई 2023 को 170 अभ्यर्थियों की सिलेक्शन लिस्ट जारी हुई थी।