महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17अप्रैल। कल 16 अप्रैल को भाजपा जिला महासमुंद ने संविधान निर्माता भारतरत्न डॉ भीमराव अंबेडकर सम्मान सभा में बुद्धिजीवी वर्ग सम्मेलन का आयोजन स्थानीय स्वाध्याय केंद्र में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू थे। इस दौरान प्रमुख रूप से सांसद रूपकुमारी चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू सहित प्रबुद्धजन उपस्थित थे। बुद्धिजीवी सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों के द्वारा डॉ भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने बताया कि हमारा भारत देश अनेकता में एकता का परिचायक है। भारतीय संविधान के निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर जी के सपनो का भारत ऐसा था जिसमे सभी जाति वर्ग में समानता हो। सामाजिक समरसता, न्याय और शिक्षा का अधिकार हो। दलित उत्थान के लिए जीवन भर संघर्ष करने वाले भारतरत्न डॉ भीमराव अंबेडकर जी के कार्यों और देशहित में उनके योगदान को जन जन तक पहुंचाने के उद्देश्य को लेकर भाजपा का शीर्ष संगठन संकल्पित है और इस कार्यक्रम का आज जिला स्तरीय आयोजन हो रहा है। आगामी 20 अप्रैल को धमतरी में एक देश, एक चुनाव विषय पर होने वाले प्रबुद्धजनों सम्मेलन में उपस्थीति की भी अपील जिलाध्यक्ष ने की। अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक रायपुर ग्रामीण विधायक कार्यक्रम के मुख्यवक्ता मोतिलाल साहू ने सभागार में उपस्थित प्रबुद्धजनों को सम्बोधित करते हुए कहा कि 14 अप्रैल को हम सभी ने पूरे देश भर में भारतीय संविधान निर्माता भारतरत्न डॉ बाबा साहब जी की 135 वी जयंती हर्षोल्लास से मनाये है । पूरे विश्व मेंं एक मान्यता है कि सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश हमारा भारत है।
मोतीलाल साहू ने कहा कि बाबा साहब जी की जयंती का विशेष आयोजन के पीछे एक बड़ी वजह यह भी है कि बाबा साहब के संविधान में तोड़मरोड़ कर लोगों में जो भ्रांति फैलाने का काम विपक्षी राजनैतिक दल कर रहे हैं, उसकी सच्चाई से देश की जनता अवगत हो। एक बड़ी सच्चाई यह भी है लगभग 15 वर्षों तक केंद्र की सत्ता में रहने वाली कांग्रेस पार्टी ने अंबेडकर जी का अपमान और उनकी उपेक्षा हमेशा से किया है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब के बनाये संविधान से चलने वाली देश के सर्वोच्च सदन लोकसभा में कानून मंत्री रहे बाबा साहब की एक भी फोटो नहीं होना उनके तिरस्कार और उपेक्षा और अपमान का जीवंत उदाहरण रहा। बाबा साहब के संविधान में हुए 106 संशोधनो में 75 संशोधन अपनी परिवार की कुर्सी बचाने स्वहित के लिए सिर्फ कांग्रेस पार्टी की सरकार ने किया है। 1977 के आपात काल का वो भयावह दौर जब तत्कालिक प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी हार का बदला लेने के लिये न्याय व्यवस्था से खिलवाड़ करते हुए संविधान की धज्जियां उड़ाकर पूरे देश को भय और प्रताडऩा के हवाले कर दिया। कांग्रेसी सरकार ने मरणोपरांत भी बाबा साहब के अंतिम संस्कार में उपेक्षा की। महानिर्वाण के पश्चात उनके शव को वापस मुंबई भेजकर उनके विमान के खर्चा का बिल सरकार ने उनके परीवार को भेज दिया।
सांसद रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि बाबा साहब के बताये मार्ग का अनुशरण के साथ समाजिक समरसता का भाव ही मानव उत्थान का सबसे बेहतर विकल्प है। उन्होंने उनके योगदान को नमन करते हुए कहा कि हम सभी ने उनके संघर्षों को जीवनी के रूप में पढा हुआ है। बाबा साहब के संविधान में हम सबकी आस्था है और संविधान का पालन करना हमारा धर्म है। भारतीय संविधान के निर्माता डॉ अंबेडकर को 75 साल के सरकार में कांग्रेस ने कोई सम्मान नहीं दिया। जबकि 1990 में छग राज्य निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने बाबा साहब को भारतरत्न सम्मान दिया। 2010 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने बाबा साहब के सम्मान में संविधान गौरव यात्रा निकाली। भाजपा का संकल्प सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास है। विजन 2047 में आप सभी सहभागी बनें।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम के जिला संयोजक दुबेलाल साहू और आभार सह संयोजक एम आर विश्वनाथन ने किया। सम्मेलन में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, जिला सदस्य रवि साहू, सर्वसमाज प्रदेशाध्यक्ष डॉ संजीव करमाकर, मण्डल अध्यक्ष महेंद्र सिका, दिग्विजय साहू, नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी,अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अनिल शर्मा,आदिवासी समाज प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश ध्रुव, बौद्ध सभा अध्यक्ष देवेंद्र मेश्राम, शिक्षक संघ से देवेंद्र इंगोले,भागवत जगत,पुरषोत्तम ठाकुर,गजाधर खडिय़ा,भगत ध्रुव, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एसुधा साहू, कौशल्या बंसल, नूतन साहू, मुन्ना साहू, सुरेंद्र ठाकुर, आनंद साहू सहित बड़ी संख्या में विभिन्न समाजों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारी प्रतिनिधि, स्थानीय पार्षद जनप्रतिधि, गणमान्य नागरिक और भाजपा मोर्चा प्रकोष्ठ के सभी प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।