महासमुन्द

बिहान योजना की बदौलत गांव की महिलाएं बन रही उद्यमिता की प्रतीक
17-Apr-2025 2:35 PM
बिहान योजना की बदौलत गांव की महिलाएं बन रही उद्यमिता की प्रतीक

लखपति दीदी जानकी बिहान के सहारे आत्मनिर्भरता की ओर...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 अप्रैल।
भारत सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु चलाई जा रही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की बिहान योजना आज कई महिलाओं के जीवन में बदलाव की कहानी लिख रही है। इसी योजना की बदौलत छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के ग्राम सिरको की जानकी नाग आज ग्रामीण आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक मिसाल बन चुकी हैं। उन्होंने न केवल स्वयं को आत्मनिर्भर बनाया बल्कि अपने साथ गांव की कई अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार की राह दिखाई है।

जानकी नाग ने प्रगति स्व सहायता समूह से जुडक़र अपने आत्मनिर्भर जीवन की शुरुआत की। उन्हें योजना के तहत 15 हजार रुपए की रिवॉल्विंग फंड और बाद में 60 हजार रुपए का कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड मिला। इस पूंजी का उपयोग कर जानकी ने आटा चक्की और सिलाई मशीन जैसे स्वरोजगार के संसाधनों की स्थापना की और अपने व्यवसाय का विस्तार किया। समूह के मार्गदर्शन और बैंक ऋण की मदद से जानकी का व्यापार लगातार बढ़ता गया। आज उनकी वार्षिक आय 80 हजार रुपए तक पहुंच चुकी है और वे हर महीने औसतन 07 हजार रुपए की आय अर्जित कर रही हैं।

 

 

साल 2024 में जानकी को पशु सखी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। जिससे उन्हें हर माह 1,910 रुपए की अतिरिक्त आय हो रही है। इस आय से जानकी न सिर्फ अपने परिवार की जरूरतें पूरी कर रही है, बल्कि अपने बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रख रही हैं। जानकी गर्व से कहती हैं कि समूह से जुडऩे के बाद मुझे अपनी पहचान मिली है। अब मैं आत्मनिर्भर हूं और अपने पैरों पर खड़ी हूं। मुझे खुद पर और अपने काम पर गर्व है। उड़ान महिला संकुल संगठन सांकरा और प्रकाश महिला ग्राम संगठन सिरको के सहयोग से जानकी ने जिस संकल्प और आत्मबल के साथ सफलता पाइई है, आज ग्रामीण महिलाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं। उनकी सफलता यह प्रमाणित करती है कि जब महिलाओं को सही अवसर और मार्गदर्शन मिलता है, तब वे न केवल अपनी, बल्कि अपने पूरे समुदाय की तस्वीर बदल सकती हैं।


अन्य पोस्ट