महासमुन्द

गिरना जंगल में 5 दिनों से लगी है आग, वहीं वनरक्षक दफ्तर में ताला
15-Apr-2025 3:06 PM
गिरना जंगल में 5 दिनों से लगी है  आग, वहीं वनरक्षक दफ्तर में ताला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 15 अप्रैल।
  क्षेत्र के गिरना उप वन परिक्षेत्र के कक्ष क्र 229 में विगत 5 दिनों से भीषण आग लगी है। आग इतनी भयावह है कि जंगल के छोटे-मोटे पेड़ जल कर राख हो रहे है।  ज्ञात हो कि अभी सप्ताह भर पूर्व ही एक विवादास्पद डिप्टी रेंजर को पिथौरा वन परिक्षेत्र का प्रभार सौंपा गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार विगत 5 दिनों पूर्व से गिरना बीट के अमोदीडीह चौक से लगे कक्ष क्रमांक 229 में भयानक आग लगी है। आग से क्षेत्र का आधे से अधिक घना जंगल जल कर रख हो चुका है। क्षेत्र का वन रक्षक कार्यालय अभी भी बंद है। ‘छत्तीसगढ़’ ने मौके पर देखा कि परिसर रक्षी कार्यालय में ताला लटका हुआ है।

झारमुड़ा में भी आग ही आग
अग्नि क्षेत्र से वापसी में ठाकुरदिया खुर्द से थोड़ा पहले झारमुड़ा क्षेत्र भी आग की चपेट में है। जिसे देख कर ‘छत्तीसगढ़’ ने स्थानीय प्रभारी रेंजर एवं डी एफओ को मोबाइल से जानकारी देने का प्रयास किया परन्तु दोनों के मोबाइल से सम्पर्क नहीं हो सका।

 

परन्तु परिसर रक्षी श्री गिरी ने बताया कि आग विगत सप्ताह भर से लगी है। ग्रामीणों का सहयोग नहीं मिल रहा है। वे इसकी जानकारी लगातार प्रभारी रेंजर को दे रहे हैं परन्तु कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। वे अकेले ग्रामीणों का मुकाबला नहीं कर सकते। अभी भी वे वन कार्यालय पहुंच कर घटना की जानकारी दे रहे हैं।

पूर्व से विवादित हंै डिप्टी रेंजर
बताया जाता है कि वर्तमान में जिस डिप्टी रेंजर को रेंजर का प्रभार सौंपा गया है, वह इसके पूर्व महासमुंद एवं देवपुर में भी पदस्थ रह चुके हैं, जहां उनके कार्यों से अफसर असंतुष्ट थे, जिसके चलते उन्हें हटाया गया था परन्तु अब उन्हें पिथौरा जैसे संवेदनशील वन परिक्षेत्र में पदस्थ कर दिया गया है, जिससे उनके आते ही वनों का विनाश प्रारम्भ हो गया है।


अन्य पोस्ट