महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 अप्रैल। बागबाहरा जनपद क्षेत्र के हड़तालरत पंचायत सचिवों का प्रभार लेने से 25-30 सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों ने मना कर दिया है। तत्संबंध में कल इन मैदानी कर्मियों ने सीईओ जनपद बागबाहरा को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने अपने मूल विभाग के कार्य प्रभावित होने की आशंका बताते हुए प्रभार लेने में अपने आपको असमर्थ बताया है।
मालूम हो कि प्रदेश भर में पंचायत सचिव अपने शासकीयकरण की मांग को लेकर काम बंद कर हड़ताल पर हैं। हड़ताल का आज 25वां दिन है। सचिवों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से गांवों की मूल विभाग के कार्य प्रभावित होंगे। दूसरी ओर बागबाहरा जनपद क्षेत्र के 25-30 सरकारी कर्मियों ने पंचायत सचिव का प्रभार लेने से मना करते हुए तत्संबंध में आज सीईओ जनपद एमएल मंडावी को ज्ञापन सौंपा।
इनमें उद्यान, कृषि और महिला बाल विकास विभाग के मैदानी कर्मचारी शामिल हैं। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के पास 15-20 गांवों का अतिरिक्त प्रभार है। पूरे बागबाहरा ब्लॉक में मात्र 2 उद्यान विस्तार अधिकारी पदस्थ हैं। अग्रिम खाद्य, बीज भंडारण एवं उठाव, मृदा परीक्षण हेतु मिट्टी के नमूने संग्रहित करना, पीएम किसान सम्मान निधि के तहत ईकेवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग, फिजिकल वेरिफिकेशन, एग्रीस्टेफ में कृषकों की आईडी बनाना, सुशासन तिहार के प्रकरणों का निराकरण, पीवीजीटी, बागवानी मिशन, राज्य पोषित योजना, उद्यान रोपणी जैसे ढेरों कार्य उनके पास हैं। ऐसे में उन्हें पंचायत सचिव का प्रभार लेना पड़ा तो उनके मूल विभाग के कार्य प्रभावित होंगे। अत: पंचायत सचिव का अतिरिक्त प्रभार लेने में हम असमर्थ हैं।
गौरतलब है कि मूलभूत सुविधाएं और विकास कार्यों के प्रभावित होने के कारण हड़ताली सचिवों को काम पर लौटने का अल्टीमेटम दिया जाता रहा। लेकिन सचिव अपनी मांग से टस से मस नहीं हुए। तब जिला प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरु की और 3 दिन पूर्व बागबाहरा जनपद क्षेत्र की सभी 111 पंचायतों के लिए मैदानी सरकारी कर्मियों को पंचायत सचिव घोषित कर दिया। इसके बावजूद सचिवों की हड़ताल जारी रही। उल्टे अब सचिवों ने दिल्ली जाकर जंतर.मंतर पर प्रदर्शन करने की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। प्रत्येक ब्लॉक से 10.10 सचिवों के नामों का चयन दिल्ली जाने के लिए किया जा रहा है। प्रदेश स्तर पर इसकी तैयारी की जा रही है। उधर जिला प्रशासन ने फिर शेष 4 जनपदों की सभी पंचायतों के लिए रोजगार सहायक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, पर्यवेक्षक महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी विस्तार अधिकारी आदि को छग पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 69-1 के तहत संबंधित पंचायत का सचिव घोषित कर दिया।
इस मामले में सीईओ जिला पंचायत एस. आलोक ने बताया कि पहले सिर्फ बागबाहरा जनपद क्षेत्र की 111 पंचायतों के लिए यह आदेश जारी किया गया था। अब शेष सभी सरायपाली, पिथौरा, बसना और महासमुंद जनपद की उन सभी पंचायतों का प्रभार मैदानी कर्मियों को सौंपने का आदेश हुआ है, जहां के सचिव हड़ताल पर हैं।