महासमुन्द

महासमुंद के किसानों ने जमा कराए 98 फीसदी कृषि ऋ ण
12-Apr-2025 3:16 PM
महासमुंद के किसानों ने जमा कराए 98 फीसदी कृषि ऋ ण

 सहकारी बैंक ने ऋण देने और वसूली दोनों में बनाया रिकॉर्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,12 अप्रैल। बीते खरीफ  सीजन में किसानों को खाद, बीज, दवाएं सहित नगद ऋण की वसूली में सहकारी बैंक ने इस बार रिकॉर्ड कायम किया है। बीते 5 साल में पहली बार लगभग शत-प्रतिशत ऋण वसूली के समीप बैंक पहुंच गया है। हालांकि अब रबी सीजन के लिये भी किसानों ने ऋण लिया है।

             

  मिली जानकारी के अनुसार बीते खरीफ  सीजन में इस बार 82527 किसानों को 426 करोड़ 57 लाख रुपए ऋण प्रदान किया था। जिसमें से 80 हजार 809 किसानों ने 419 करोड़ 90 लाख रुपए ऋण चुका दिया है जो ऋण का 98 प्रतिशत है। आमतौर पर देखा जा रहा था कि किसान कर्ज तले दबे ही रहते थे। दरअसल किसानों को राज्य व केन्द्र शासन से मिल रहे  सम्मान निधि और बोनस की वजह से किसानों में समृद्धि बढ़ी है। फलस्वरूप किसान ऋण चुकता कर पा रहे हैं। वहीं इस बार प्रकृति की मार नहीं पड़ी तथा खरीफ सीजन में आवश्यकता के अनुसार बारिश होती रही जिसका लाभ किसानों को मिला। इधर रबी सीजन के लिये अब तक 6180 किसानों ने 38 करोड़ 9 लाख 94 हजार रुपए ऋण लिया है। जिसकी वसूली फिलहाल शुरू नहीं हो पायी है। खरीफ सीजन में शुरूआती दिनों में रबी सीजन की वसूली शुरू होगी। इस बार खरीफ  सीजन के लिए ऋण लेने में किसानों ने पिछले 5 सालों का रिकार्ड तोड दिया है। खरीफ सीजन के लिए पिछले 5 सालों में इस साल सबसे ज्यादा किसानों ने ऋण लिया है। इस साल जिले में 82 हजार 527 किसानों ने 426 करोड़ 57 लाख ऋण लिया है। बता दें कि साल 2022 में जिला सहकारी बैंक से 75297 किसानों ने 361 करोड़ रुपए का ऋण लिया था। साल 2021 में 70 हजार किसानों को 319 करोड़ रुपए ऋण वितरण 2020 में 68 हजार किसानों 310 करोड़ रुपए ऋण वितरण किया गया था। समितियों व किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसान ऋण लेते हैं। बता दें कि खाद, बीज, रासायनिक दवा और कृषि कार्यों के लिए किसान अल्पकालीन ऋण लेते हैं। जिला सहकारी बैंक द्वारा ऋण वितरण की शुरुआत एक अप्रैल से की गई थी।  ज्ञात हो कि जिले में जिला सहकारी बैंक की कुल 13 शाखाएं हैं।


अन्य पोस्ट