महासमुन्द

मजदूर को शराब टैंक में उतारने से मौत, परिजनों ने की हत्या का मामला दर्ज करने की मांग
12-Apr-2025 3:14 PM
मजदूर को शराब टैंक में उतारने से मौत, परिजनों ने की हत्या का मामला दर्ज करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,12 अप्रैल। जिले के ग्राम कैलाशपुर में अवैध शराब टैंक में उतारने से हुई युवक की मौत मामले में परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर हत्या की मामला दर्ज करने की मांग की है।

इस हादसे में मृतक अर्जुन नायक के परिजनों ने यह आरोप लगाया है कि गांव के ही दो व्यक्तियों घासीराम यादव और उसका पुत्र चक्रधर यादव ने षडयंत्रपूर्वक उसे अपने घर बुलाकर अवैध शराब निर्माण हेतु बनाए गए टैंक में उतार दिया। जिससे जहरीली गैस के संपर्क में आने से उसकी हालत गंभीर हो गई और अंतत: इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक की पत्नी जयंती नायक ने पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह को लिखित आवेदन सौंपकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने बताया कि उनका पति अर्जुन, अनावेदकों के यहां मजदूरी करता था। बीते 6 जनवरी की रात उसे चक्रधर यादव अपने घर बुलाकर ले गया। देर रात जब वह घर लौटा तो उसकी हालत अत्यंत खराब थी। बोलने और चलने में भी असमर्थ था। अर्जुन ने बताया कि उसे जबरदस्ती शराब के टैंक में उतारा गया। जहां वह बेहोश हो गया था।

 

अगले दिन गांव के अन्य लोगों के माध्यम से यह जानकारी मिली कि अर्जुन को बचाने के प्रयास में एक अन्य व्यक्ति राधेश्याम पटेल भी बेहोश हो गया था। बाद में कई लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने अर्जुन को धमकाया और इलाज के लिए मना किया। जब उसकी हालत बिगड़ती गई तो उसे झलप, महासमुंद अस्पताल और अंतत: रायपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां 10 जनवरी को उसकी मृत्यु हो गई। परिवार ने मांग की है कि दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। मृतक की पत्नी और दो छोटे बच्चों का भविष्य अब अधर में लटक गया है। ग्रामीणों ने भी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। इस मामले में अतिरिक्त एसपी प्रतिभा पाांडेय ने कहा है कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई संभव है। 


अन्य पोस्ट