महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 अप्रैल। अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पे ट्रांजेक्शन के बहाने च्वॉइस सेंटर संचालक से 20 हजार रुपए की ठगी मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले में सरायपाली निवासी च्वॉइस सेंटर संचालक प्रार्थी प्रकाश नायक ने सरायपाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि 7 अप्रैल को वह अपने च्वॉइस सेंटर में था, तभी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आकर अपने मोबाइल में फोन पे नहीं चलाने की बात कहते हुए प्रार्थी के मोबाइल फोन पे पर अपने रिश्तेदार से रुपए मंगाने की बात कही गई। जिस पर प्रार्थी ने अज्ञात को अपना फ ोन पे नंबर दिया। दो घंटे बाद भूषण पटेल ने प्रार्थी को फोन करके बोला कि आपके फोन पे पर 20 हजार रुपए ट्रांजेक्शन हो गया है। पश्चात उसने अज्ञात व्यक्ति को नगद 20 हजार रुपए दे दिये। थोड़ी देर बाद उक्त रकम को अज्ञात व्यक्ति ने होल्ड करा दिया। जिससे प्रार्थी को 20 हजार रुपए की ठगी का अहसास होने पर उसने लिखित शिकायत सरायपाली थाना आकर किया। पुलिस ने मामले में 318-4 बीएनएस कायम कर जांच शुरू किया है।