महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 अप्रैल। 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने का अल्टीमेटम समाप्त होते ही उप संचालक पंचायत ने बागबाहरा जनपद सीईओ के प्रस्ताव पर अंतरिम व्यवस्था के तौर पर वहां की 111 पंचायतों में मैदानी सरकारी कर्मियों को पंचायत सचिव घोषित करने का आदेश जारी कर दिया है। जबकि अभी अन्य 4 जनपदों से प्रस्ताव नहीं मिल पाया है। बीते 23 दिन से काम बंद कर हड़ताल पर गए पंचायत सचिवों को बार-बार समझाइश और 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने का अल्टीमेटम दिया जाता रहा है। लेकिन प्रदेश भर के सचिव अपने शासकीयकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं।
सुशासन तिहार.2025 भी सचिवों के बिना परवान चढ़ता गया। इस कार्य के लिए भी प्रशासन ने मैदानी अधिकारी.कर्मचारियों की ड्यूटी पंचायतों में लगा रखी है। समझाइश और अल्टीमेटम के बाद भी पंचायत सचिव अपनी मांग पर अड़े रहे। फलस्वरूप पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं से लेकर विकास कार्यों में बाधा बनी रही। आखिरकार 2 दिन पूर्व पंचायत संचालनालय रायपुर से 24 घंटे के भीतर काम पर नहीं लौटने वाले पंचायत सचिवों के स्थान पर मैदानी सरकारी कर्मियों को पंचायत सचिव का अस्थाई प्रभार सौंपने का निर्देश दिया था। इसके लिए सभी जनपदों से सीईओज के जरिए प्रस्ताव मंगाया गया था।
अत: बागबाहरा जनपद सीईओ का प्रस्ताव कल 9 अप्रैल को मिलने के बाद उप संचालक पंचायत महासमुंद ने प्रस्ताव के अनुसार सभी 111 पंचायतों में सचिव का प्रभार मैदानी कर्मचारियों को अंतरिम व्यवस्था के तौर पर छग पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 69-1 के तहत सौंपने का आदेश जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार पंचायतों में वहां पदस्थ रोजगार सहायक, ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी, सहायक विवि अधिकारी, पर्यवेक्षक महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्यानिकी विस्तार अधिकारी, सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण करारोपण अधिकारी को संबंधित पंचायत का सचिव घोषित कर दिया है। इतना ही नहीं सचिव, नये सरपंच दोनों के संयुक्त हस्ताक्षर से पंचायत निधि से पंचायत के कामों के लिए राशि का आहरण भी कर सकेंगे।