महासमुन्द

कोडार में दिखा अनाथ बुजुर्ग-दिव्यांगों का कारवां, ये धीरे-धीरे तारीखों में तब्दील हो रहे...
09-Apr-2025 4:24 PM
 कोडार में दिखा अनाथ बुजुर्ग-दिव्यांगों का कारवां,  ये धीरे-धीरे तारीखों में तब्दील हो रहे...

कोडार क्षेत्र के जंगल का भ्रमण किया, डेम के पानी में  बोटिंग की, दोनों टीमों एक दूूसरे को नहीं जानते हुए भी सबने साथ खाना खाया,  संगीत का आनंद लिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,9 अप्रैल।
कल कोडार बांध में आशियाना वृद्धाश्रम के बुजुर्ग और घरौंदा आश्रम के दिव्यांग साथी कोडार भ्रमण पर थे। समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक संगीता सिंह के संयोजन में उन्हें वहां ले जाया गया था। समाजसेवी निवेदिता वर्मा भी उनके साथ थीं और दिन भर सभी ने कोडार क्षेत्र के जंगल का भ्रमण किया। सभी ने कोडार डेम के पानी में घंटों बोटिंग भी की। वहां एक गजब सा रिश्ता दिखा। दोनों टीमों के बीच एक दूूसरे को नहीं जानते हुए भी सबने साथ खाना खाया, साथ घूमा और गीत संगीत का आनंद लिया। आशियाना के बुजुर्ग दिव्यांग बच्चों के हाथ पकडक़र घूमते रहे, एक दूसरे को पुचकारते रहे और एक दूसरे का धन रखते रहे। इस अवसर पर समाजसेवी शोभा शर्मा, तारिणी चंद्राकर, मनोज साहू, प्रतिभा गिरी गोस्वामी आदि उपस्थित थे। 

यहां बच्चे नहीं बुजुर्ग अनाथ दिखे और दिव्यांग बच्चों को भी उनके परिवार वालों ने घरौंदा में लाकर छोड़ दिया था। दोनों के अलग-अलग आश्रम हैं और दोनों ही आश्रम समाज कल््याण विभाग से संचालित होते हैं। समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक संगीता सिंह ने बताया कि हमारे बुुजुर्ग वृद्धाश्रम में रहते हैं। और दिव्यांग सभी घरौंदा आश्रम में। दिव्यांग के दिमाग का हलचल पता नहीं चल पाता लेकिन बुजुर्गों की पीड़ा समझ में आती है। इसलिए उन्हें नाती पोते के पास होने का अहसास दिलाने के लिए कोडार लाया गया है। 

इस टीम में दर्जन भर लगभग दिव्यांग किशोरी थीं। जिनमें से हर किसी को कई-कई तरह की दिव््यांगता थीं। वहीं दर्जन भर बुुजुर्ग साथी थे जो अपनों के होते हुए भी वृध्दाश्रम में जीवन काट रहे हैं। बुजुर्गों ने चर्चा में कहा-लोगों को कहते अक्सर सुना था कि बच्चे अनाथ हो जाते हैं। पर हम बूढ़े बुजुर्ग भी अनाथ हैं। हमारे बच्चे हमें अकेला छोड़ गए। हम अपने ही घर में बेकार हो गये। गरीबी में भी बच्चों को पाल पोसकर बड़ा किया, अब तरक्की के बाद भी हमारे लिए उनकी सोच घट गई। जिंदगी बोझिल लगने लगी है अब। लेकिन आज भी उनकी याद आती है। कभी-कभी तो उनकी फिक्र करते दिन गुजर जाता है। उनके कई किस्से आत्मा में दफन हैं। जाने कितने उतार-चढ़ाव देखा था, सब सहन हो गये थे।  वृध्दाश्रम के मनोज साहू का कहना है कि बुजुुर्गों को मनोरंजन के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। दिव्यांग किशोरियों को अपने दीवन के बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता लेकिन आश्रम की मैडम दीदियों ने उन्हें गीत गाना-नाचना, खाना खाना आदि सिखा दिया है। आज भी खुद से कपड़े नहीं पहन पातीं। दिव्यांग आश्रम की प्रमुख दीदी संगीता शर्मा बताती हैं कि सभी किशोरियों को मासिक चक्र आता है। ऐसे समय में उन्हें संभालना ज्यादा कठिन हो जाता है। पैड आदि को भी ये खींचकर फेंक देते हैं। लेकिन ये सभी मां कहती हैं तो सारा तकलीफ छू हो जाता है। इस दौरान रेखा आदि दिव््यांग युवतियों ने गीत गाए और नृत्य भी किया। इनके साथ आश्रम की दीदियां भी देर तक झूमती रहीं। शाम ढलते-ढलते इनका कारवां कोडार डेम से निकलकर आश्रम की ओर रवाना हुआ। 


 

संगीता सिंह कहती हैं- ये अपनी यादों के सहारे जिंदा हैं। विभाग ने थोड़ी सी राहत देने की कोशिश जरूर की है। अपनी वृद्धावस्था में एक दूसरे को ताकते ये एक दूसरे के सहारे बने हुए हैं। इन सभी भी अलग-अलग कहानियां हैं। बिस्तर पर पड़े-पड़े भी अपने बच्चों को आशीष देते रहते हैं। ऐसा करते-करते कई बुुजुर्ग विदा हो गये। सन्नाटा इन्हें बिल्कुल पसंद नहीं है। दिन में कहीं बैठ जाएं तो फिर से परिवार की बातों में तल्लीन हो जाते हैं। इसलिए इन्हें व्यस्त रखा जाता है। इसी क्रम में काोडार लाये थे। इस कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत सीईओ एस आलोक की पत्नी निवेदिता वर्मा ने कहा कि ऐसे शख्सियतों से मुलाकात के बाद जिंदगी समझ में आती है। इनकी पीड़ा समझ नहीं सकता कोई भी। ये बुजुर्ग और दिव्यांग अनाथ होकर धीरे-धीरे तारीखों में व्यतीत हो रहे हैं। उम्र के आखिरी क्षणों में खुद टिमटिमाते दीए की तरह जल रहे हैं। मौत के हर कदम पर अपनी सांसों को जीतते जाते हैं ...और ये और भी अनाथ हो जाते हैं। 
 


अन्य पोस्ट