महासमुन्द

पूर्व विधायक डॉ. चोपड़ा ने की सुशासन तिहार की सराहना
09-Apr-2025 4:23 PM
पूर्व विधायक डॉ. चोपड़ा ने की सुशासन तिहार की सराहना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9अप्रैल। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने मुख्यमंत्री की सुशासन तिहार पहल की सराहना करते हुए कहा कि इसको सफल बनाने के लिए अफसरशाही पर लगाम कसनी होगी। जहां पहले से हजारों आवेदन जो जनदर्शन के दौरान दिए गए हैं वो वर्षों से धूल खा रहे हैं।

खासकर राजस्व विभाग जिसके मुखिया स्वयं कलेक्टर हैं, वहां उनके द्वारा वर्षों पूर्व अनुविभाग में भेजे गए आवेदन जांच के पश्चात भी आवेदनों को जबरन न्यायालयीन प्रकरण बनाकर समय सीमा से बाहर कर दिया जाता है। तहसील कार्यालय में ऑनलाइन रिकार्ड दुरुस्त करने की कोई समय सीमा नहीं है। बिना विवाद के प्रकरणों में पेशी ऊपर पेशी देना तहसील कार्यालय की परंपरा बन गई है। वहीं छोटे.मोटे लाइसेंस जो  कार्यालयीन कार्य है न्यायालय के नाम पर लोगों को भटका कर मोटी रकम ऐंठने का काम निरंतर जारी है।

 

डॉ. चोपड़ा ने कलेक्टर को पत्र लिखकर कहा कि सुशासन तिहार के आवेदन लेने के साथ-साथ उनके जनदर्शन में आए वर्षों के आवेदनों की समीक्षा कर उनकी स्थिति जान लें केवल विभागों को मार्क कर आवेदन भेज देने मात्र से उसका निराकरण न समझे। पिछले दिनों इन सब बातों को लिखित शिकायत राजस्व सचिव अविनाश चंपावत से की गई एवं प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री को भेजी गई है।

डॉ. चोपड़ा ने बताया कि शीघ्र ही यदि इन शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पीडि़तों के साथ पदयात्रा कर राजभवन में राज्यपाल को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की जावेगी।

               उन्होंने बताया कि आम जनता की आई शिकायतों की सूची लगभग दो माह पूर्व कलेक्टर की मांग पर उन्हें दी गई थी एवं उनके द्वारा  एक माह में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। परंतु आज तक कोई कार्रवाई न होने एवं उसकी जानकारी न देने पर यह मान्यता बलवती होती है कि अफसरशाही को जनता की कोई चिंता नहीं है।


अन्य पोस्ट